छत्तीसगढ़ के शहरी क्षेत्रों में 31 मार्च तक लॉकडाउन, सीएम ने जारी किया वीडियो संदेश
नई दिल्ली। पूरी दुनिया इस समय कोरोना वायरस से लड़ रही है। देश में भी लगातार कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। इस बीच रविवार को देश के कई राज्यों ने कोरोना के चलते 31 मार्च तक के लिए लॉकडाउन की घोषणा की है। वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने भी राज्य के बड़े शहरों में 31 मार्च तक लॉकडाउन का ऐलान किया है। साथ ही उन्होंने पिछले दो दिनों में जनता द्वारा स्वैच्छिक रूप से कर्फ्यू का पूर्णतया पालन करने के लिए धन्यवाद कहा।

रविवार शाम को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वीडियो जारी कर प्रदेश की जनता को इस संकट की घड़ी में हर संभव मदद का वादा किया। सीएम बघेल ने कहा कि, छत्तीसगढ़ में कल और आज दो दिनों तक स्वैच्छिक रूप से कर्फ्यू का पूर्णतया पालन आपने किया है। बड़े शहरों में ही नहीं छोटे-छोटे गांवों में लोगों ने अपने आप को घरों तक सीमित रखकर अभूतपूर्व समाजिक और राष्ट्रीय दायित्व का पालन किया है। कोरोना के खिलाफ लड़ने में यह महत्वपूर्ण योगदान है।
उन्होंने कहा कि, इस कदम से हमारा विश्ववास प्रबल हो गया है कि, अगले कुछ हफ्ते हमने यदि इसी तरह से अपने दायित्व का पालन किया और घरों में रहे तो हम राज्य और देश में कोरोना को हराने में कामयाब हो जाएंगे। मुसीबत के समय छत्तीसगढ़ और देश के लोगों ने समर्पण का भाव दिखाया है। विश्व में कोरोना को रोकने के लिए लॉकडाउन और आइसोलेशन सबसे कारगर उपाय बताया गया है। उन्होंने कहा कि, केंद्र ने 31 मार्च तक रेल सेवा को बंद कर दिया है। हमने भी राज्य के शहरी क्षेत्रों में 31 मार्च तक लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला किया है।
सीएम बघेल ने कहा कि, इस लॉकडाउन के चलते सभी कार्यालय, संस्थान, परिवाहन सेवांए और अन्य गतिविधियों को बंद कर दिया गया है। हालांकि इस दौरान मेडिकल स्टोर, ग्रोसरी स्टोर,सब्जी की दुकानें, गैस एंजेसी और पेट्रोल पंप समेत जरूरी प्रतिष्ठान खुले रहेंगे। इसके अलावा, अन्य जरूरी सरकारी सेवाएं भी चालू रहेंगी। उन्होंने लोगों से कहा कि, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 104 और अन्य सेवाओं के लिए 112 डायल करें। आपका मुख्यमंत्री इस संकट की घड़ी में आपके साथ है। सबके सहयोग से इस महामारी पर विजय पाने में सफल होंगे।












Click it and Unblock the Notifications