कर्नाटक सरकार पर पीएम मोदी ने किया हमला, बोले- कर्जमाफी शब्द का मजाक बना दिया
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कर्नाटक में जेडीएस-कांग्रेस गठबंधन सरकार पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि वह केवल 'विकास मुक्त भ्रष्टाचार' में दिलचस्पी रखती है। उन्होंने कहा कि एचडी कुमारस्वामी सरकार की कृषि कर्जमाफी, किसानों के साथ किया गया 'सबसे क्रूर' मजाक है। बीजेपी के 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' कार्यक्रम के तहत वीडियो कांफ्रेंस के जरिए राज्य के बूथस्तरीय कार्यकर्ताओं से संवाद में पीएम मोदी ने ये बातें कही। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में पीएम मोदी ने कर्नाटक के बेलागावी, बीदर, दावणगेरे, धारवाड़ तथा हवेरी के बूथ कार्यकर्ताओं बात की है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में जो सत्ता में बैठे हैं, उन्हें लगता है कि वे किसी भी तरह सत्ता हासिल कर लेंगे, लेकिन उन्हें यह नहीं पता कि कर्नाटक और देश की जनता उन्हें देख रही है और जल्द ही सबक सिखा देगी। मोदी ने कहा कि कर्नाटक के लोगों ने भाजपा में आस्था प्रकट की थी और यह पार्टी कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि अगर सरकार लोगों के कल्याण की परवाह नहीं करती तो वह उनकी आवाज बनें। उन्होंने सत्तारूढ़ गठबंधन के भागीदारों के बीच कथित खींचतान का हवाला देते हुए कहा, ऐसा लगता है कि कर्नाटक में सत्तासीन लोग म्यूजिकल चेयर का गेम खेल रहे हैं।
जब सत्तासीन लोग जनता के कल्याण में रुचि नहीं रखते हैं तो यह हमारे कार्यकर्ताओं का कर्तव्य है कि वे लोगों की आवाज बनें। राज्य में कृषि संकट और किसानों की खुदकुशी के बारे में पूछे गये एक सवाल पर मोदी ने कहा कि केवल कुछ ही कृषकों को सरकार के कर्ज माफी कार्यक्रम से लाभ मिला है। उन्होंने पूछा, देशभर में घूम-घूमकर जो कृषि कर्ज माफी का श्रेय ले रहे हैं, क्या वे किसानों की खुदकुशी का भी दोष अपने सिर लेंगे?












Click it and Unblock the Notifications