'महीनों में एक बार भारत लौटते हैं तो ऐसा ही होता है', राहुल के वो बयान सुनिए जिसपर रिजिजू ने कसा तंज
नई दिल्ली, 4 सितंबर: केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के गरीबी के आंकड़ों पर दिए गए अलग-अलग बयानों पर तीखा कटाक्ष क्या है। उन्होंने कांग्रेस नेता के बारे में तंज भरे अंदाज में कहा है कि उनसे आंकड़ों में गलतियां इसलिए होती हैं, क्योंकि वह ज्यादातर समय विदेशों में ही गुजारते हैं। दरअसल, राहुल गांधी ने आज एक बार फिर से वह आंकड़ा दिया है, जिसमें वे यूपीए सरकार के 10 साल के कार्यकाल के दौरान लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने का दावा कर रहे हैं। रिजिजू ने राहुल के चार बयानों को एक साथ रखकर ट्विटर पर शेयर कर दिया है और उनपर जोरदार तंज कसा है।

गरीबी पर राहुल के अलग-अलग आंकड़ों पर रिजिजू ने ले चुटकी
केंद्रीय कानून मंत्री और अरुणाचल प्रदेश से बीजेपी सांसद किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी के गरीबी मिटाने के अलग-अलग दावों वाले आंकड़ों को शेयर करते हुए ट्विटर पर कैप्शन में लिखा है, 'यह तब होता है जब आप कुछ महीनों में विदेशों से पार्ट टाइम पॉलिटिक्स करने के लिए एक बार भारत लौटते हैं।' केंद्रीय मंत्री ने ट्विटर पर जो शॉर्ट वीडियो शेयर किए हैं, उसमें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष यूपीए सरकार के कार्यकाल के दौरान गरीबी उन्मूलन को लेकर अलग-अलग आंकड़े देते नजर आ रहे हैं।

14 करोड़, 15 करोड़, 23 करोड़ अब 27 करोड़
पहले वीडियो में राहुल कहते सुने जा सकते हैं कि '14 करोड़ लोगों को हमने गरीबी से निकाला......।' दूसरे वीडियो में कांग्रेस नेता बोल रहे हैं, 'पिछले 10 सालों में 15 करोड़ लोगों को हमने गरीबी से निकाला है....कांग्रेस ने। ' तीसरा वीडियो लोकसभा में उनके एक भाषण का है, जिसमें वह कहते सुने जा रहे हैं, 'यूपीए की सरकार ने 23 करोड़ लोगों को गरीबी से निकाला था दस साल में...।' और चौथा वीडियो आज की कांग्रेस की रैली का है, जिसमें वह कहते सुने जा सकते हैं, 'हमने 27 करोड़ लोगों को गरीबी से निकाला था दस साल में। 27 करोड़ लोग। '
राहुल के निशाने पर थे पीएम मोदी और बीजेपी सरकार
इससे पहले राहुल गांधी ने रविवार को कांग्रेस की रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी पर देश में डर और नफरत फैलाकर इसे कमजोर करने का आरोप भी लगाया। उनका दावा है कि इससे भारत के दुश्मनों को फायदा मिला है। राहुल मंहगाई के खिलाफ कांग्रेस पार्टी की एक रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी और भाजपा के खिलाफ आरोप लगा रहे थे।
इसी रैली में उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने 10 साल में 27 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला था। लेकिन पीएम मोदी ने पिछले 8 साल में 23 करोड़ लोगों को फिर से गरीबी में धकेल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि '10 साल में हमने जो काम किया था, इन्होंने 8 साल में उसे बर्बाद कर दिया है।'(इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications