Terrorist Talib Hussain : भाजपा ऑफिस की वीडियो लश्कर के पास ! रविंदर रैना बोले- मामले की NIA जांच हो
लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी तालिब हुसैन भाजपा सदस्य नहीं रहा है। भाजपा नेता रविंदर रैना ने ये बात कही है। उन्होंने इस मामले में NIA जांच की मांग की है।
श्रीनगर, 05 जुलाई : आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी तालिब हुसैन और बीजेपी के कथित कनेक्शन की रिपोर्ट्स पर जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष रविंदर रैना ने कहा है कि भाजपा का तालिब हुसैन से कोई रिश्ता नहीं है। रैना ने कहा कि तालिब भाजपा सदस्य नहीं है। खबरों के मुताबिक रैना ने कहा है भाजपा के दफ्तर आतंकियों के निशाने पर होने की आशंका है, ऐसे में इस मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से जांच कराई जानी चाहिए। रैना पहले भी तालिब हुसैन और भाजपा की करीबी का खंडन कर चुके हैं। ताजा घटनाक्रम में उन्होंने तालिब हुसैन की वायरल तस्वीरों पर सफाई दी है।

आतंकी तालिब भाजपा के करीब पत्रकार बनकर आया !
लश्कर आतंकी तालिब और भाजपा के कथित रिश्तों को लेकर जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष रविंदर रैना ने जम्मू में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा, लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी तालिब हुसैन और उसका साथी फैजल अहमद डार पत्रकार होने का दिखावा करके बीजेपी दफ्तर पहुंचते थे। उन्होंने कहा कि दोनों भाजपा कार्यालयों के अंदर संवाददाता सम्मेलन और यहां तक कि राजनीतिक रैलियों में भी पत्रकारों के रूप में भाग लेते थे। हालांकि, लश्कर आतंकी तालिब और भाजपा की कथित करीबी के संबंध में इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक बीजेपी ने शुरू में दावा किया था कि तालिब हुसैन इस साल मई में केवल 18 दिनों के लिए सदस्य बना और फिर भाजपा से इस्तीफा दे दिया।

लश्कर के पास भाजपा मुख्यालय की वीडियो !
रविंदर रैना ने कहा, तालिब के फोन में ऐसी तस्वीरें और वीडियो मिली हैं जो परेशान करने वाली हैं। ऐसा लगता है कि तालिब ने भाजपा के जम्मू-कश्मीर मुख्यालय की वीडियो रिकॉर्ड की है। रैना ने आशंका जताई है कि वीडियो लाइन ऑफ कंट्रोल (एलओसी) के पार आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के लोगों के पास भेजे जाने की आशंका है। सुरक्षा एजेंसियां जांच कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही कुछ बड़ी कड़ियां सामने आ सकती हैं।

कब पकड़ा गया आतंकी तालिब, भाजपा से क्या कनेक्शन
लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी तालिब हुसैन से दूरी बनाते हुए बीजेपी ने एनआईए जांच की मांग की है। जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष रविंदर रैना ने दावा किया है कि तालिब किसी भी हैसियत से पार्टी से जुड़ा नहीं है। बता दें कि तालिब हुसैन को लश्कर-ए-तैयबा के एक अन्य आतंकवादी के साथ रविवार को रियासी जिले से गिरफ्तार किया गया था। हुसैन को कथित तौर पर भाजपा में जम्मू प्रांत के अल्पसंख्यक मोर्चे का आईटी और सोशल मीडिया सेल का प्रभारी भी बनाया गया था।

कठघरे में बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा ?
रैना ने आशंका जाहिर की और कहा, जम्मू-कश्मीर में भाजपा के शीर्ष नेता और पदाधिकारी तालिब हुसैन की हिट-लिस्ट में थे। ऐसे में मामले की राष्ट्रीय जांच एजेंसी से जांच कराई जाए। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक रैना ने कहा, तालिब हुसैन ने मेरे कार्यालय की रेकी की। उसने मेरे ऑफिस के वीडियो अपने पाकिस्तानी आकाओं को भेजे। उन्होंने कहा कि बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रमुख शेख बशीर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। 48 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है। बकौल रैना, शेख बशीर के पास तालिब या कोई अन्य नियुक्ति करने का अधिकार नहीं है। पार्टी में हर नियुक्ति अध्यक्ष करते हैं।

हथियारों का जखीरा बरामद, वारदात की आशंका
लश्कर आतंकियों के पास से हथियारों का जखीरा बरामद हुआ है। आतंकी तालिब और बीजेपी के रिश्तों पर एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिर रविंदर रैना ने कहा, कुछ साल पहले, तालिब हुसैन अपने तीन सहयोगियों के साथ एक मीडियाकर्मी के रूप में भाजपा कार्यालय में आता था। कई बार मेरा साक्षात्कार भी लिया। तालिब खुद को 'न्यू सेहर' नाम के एक YouTube चैनल का रिपोर्टर बताता था। उन्होंने कहा कि भाजपा के अलावा अन्य राजनीतिक दलों के सभी कार्यालयों में अधिक सतर्कता बरते जाने की जरूरत है।

आतंकियों को पकड़ने की 'वीरगाथा'
रियासी में आतंकियों को पकड़ने का साहस दिखाने वाले ग्रामीणों ने एएनआई को बताया, मेरे भाई का फोन आया कि दो लोग आए हैं और वे उसे मारने जा रहे हैं। मैं अपने चचेरे भाइयों के साथ वहां पहुंचा तो देखा कि लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी सो रहे हैं। उन्होंने सुबह तक इंतजार किया। एक ग्रामीण के मुताबिक हमें उनके बैग मिले, जिनमें गोला-बारूद था। नींद से जगने पर एक शख्स ने भागने की कोशिश की, लेकिन हमने उसे पकड़ लिया। उन्हें रस्सियों से बांधने के बाद एसडीपीओ को सूचना दी गई। इसके बाद एसडीपीओ के अलावा सेना और पुलिस भी पहुंची।

ग्रामीणों ने पकड़े खूंखार आतंकी, LG ने इनाम का ऐलान किया
जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में टक्सन ढोक गांव के निवासियों की मदद से दो आतंकवादियों- पुलवामा के फैजल अहमद डार और राजौरी के तालिब हुसैन को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आतंकियों के पास से पुलिस ने दो एके राइफल, सात ग्रेनेड और एक पिस्टल बरामद की गई। इस मामले में ग्रामीणों की बहादुरी से प्रभावित उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दोनों आतंकवादियों को पकड़ने वाले वीर ग्रामीणों के लिए 5 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की। जम्मू-कश्मीर पुलिस में एडीजीपी (ADGP Mukesh Singh) ने आतंकियों की गिरफ्तारी पर बताया था कि राजौरी पुलिस ने हाल ही में बड़ी संख्या में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद किए थे। एक टेरर मॉड्यूल का भी भंडाफोड़ हुआ था। पुलिस के मुताबिक तालिब हुसैन पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी कासिम के लगातार संपर्क में था।












Click it and Unblock the Notifications