दिल्ली के लिए शुभ संकेत, बॉयोडावर्सिटी पार्क में दिखा तेंदुआ
यह तेंदुआ दिल्ली से सटे गुरूग्राम के मंधवारी पार्क से आया है। पार्क के इंचार्ज डॉ फैयाज कुदसर ने पार्क में तेंदुए के होने की पुष्टि की।
नई दिल्ली। सोमवार की रात दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के वजीराबाद स्थित बॉयोडावर्सिटी पार्क में तेंदुआ दिखा। पिछले कुछ दिनों से पार्क के कर्मचारियों को किसी जानवर के पैर के निशान देखने को मिल रहे थे। सोमवार को अचानक तेंदुआ की तस्वीर कैमरे में कैद हो गयी। तेंदुआ दिखने से पार्क प्रशासन अब अलर्ट पर है और लगातार तेंदुए को ट्रैक किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि यह तेंदुआ दिल्ली से सटे गुरूग्राम के मंधवारी पार्क से आया है। पार्क के इंचार्ज डॉ फैयाज कुदसर ने पार्क में तेंदुए के होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पार्क के दूसरे फेज में एक हफ्ते से बिल्ली की प्रजाति के एक जानवर के पैरों के निशान मिल रहे थे। इसके बाद प्लास्टर ऑफ पेरिस की सहायता से पग मार्क (पैरों के निशान) लिए गए। इससे यह पुष्टि हुई कि यह नया मेहमान तेंदुआ है।
दिल्ली के लिए अच्छा संकेत
बॉयोडावर्सिटी पार्क में तेंदुआ के डेरा डाले जाने की खबर से वैज्ञानिक काफी खुश हैं। वैज्ञानिक इसे दिल्ली की पारिस्थितिकी के लिये फायदेमंद मान रहे हैं। उनकी मानें तो बॉयोडावर्सिटी पार्क देश के लिये एक मॉडल के तौर पर उभरा है। इस मॉडल के आधार पर देश भर के वनों का पुनर्विकास किया जा सकता है।
यमुना बॉयोडावर्सिटी पार्क से जुड़े वैज्ञानिक बताते हैं कि किसी भी वन क्षेत्र के लिये जरूरी है कि वहां की खाद्य श्रृखंला पूरी हो। शाकाहारी और मांसाहारी पशु-पक्षियों के अलावा वहां सर्वभक्षी जानवर भी होने चाहिये। अभी तक पार्क की खाद्य श्रृंखला पूरी नहीं हुई थी। लेकिन तेंदुए के आने से यह कमी पूरी हो गयी है।












Click it and Unblock the Notifications