Kaali Row : निर्देशक Leena के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर, MP पुलिस ने की कार्रवाई
Kaali डॉक्यूमेंट्री के पोस्टर से जुड़ा विवाद सुर्खियों में बना हुआ है। ताजा घटनाक्रम में महिला निर्देशक Leena Manimekalai के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है।
भोपाल, 07 जुलाई : काली डॉक्यूमेंट्री के पोस्टर का विवाद थमने के संकेत नहीं दिख रहे। ताजा घटनाक्रम में मध्य प्रदेश पुलिस ने निर्देशक लीना मणिमेकलाई के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। बता दें कि Kaali डॉक्यूमेंट्री में एक्ट्रेस को देवी काली के रूप में दिखाया गया है। अभिनेत्री सिगरेट पीते हुए और एलजीबीटीक्यू का झंडा पकड़े हुए भी दिखी, जिस पर हिंदु संगठनों ने कहा कि ये धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला है।

गृह मंत्री कार्रवाई पर सख्त
फिल्म निर्माता लीना मणिमेकलाई के खिलाफ बुधवार को भोपाल में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 295ए के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस धारा के तहत धर्म या धार्मिक विश्वासों का अपमान करके धार्मिक भावनाओं को आहत करने के लिए जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कार्य करना दंडनीय है। इस मामले में मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, हम लीना मणिमेकलाई के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखेंगे। गृह मंत्री ने ये भी कहा है कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले संदेशों की जांच के लिए ट्विटर को पत्र लिखेंगे।
क्या है लुक आउट सर्कुलर
बता दें कि लुकआउट सर्कुलर किसी भी वांटेड व्यक्ति को देश छोड़ने या देश में प्रवेश करने से रोकने के लिए जारी किया जाने वाला एक नोटिस है। पुलिस या जांच एजेंसी वांटेड व्यक्ति को पूछताछ या जांच के लिए बुलाने को स्वतंत्र होती है। एलओसी अधिकतम 12 महीने की अवधि के लिए वैध होता है।
कई जगहों पर FIR
Kaali poster विवाद के संबंध में बुधवार को तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा और फिल्म निर्माता लीना मणिमेकलई के खिलाफ कथित तौर पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में भोपाल में अलग-अलग FIR दर्ज की गई है। लीना के खिलाफ रतलाम में भी एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
Kaali पर टीएमसी सांसद ने क्या कहा
सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा था कि उन्हें एक व्यक्ति के रूप में देवी काली को मांस का भोग और व्हिस्की स्वीकारने वाली देवी के रूप में कल्पना करने का पूरा अधिकार है। महुआ का कहना है कि प्रत्येक व्यक्ति के पास प्रार्थना करने का अपना अनूठा तरीका होता है।
कनाडा में काली विवाद, माफी मांगी
'काली' पोस्टर विवाद से ही जुड़े घटनाक्रम में ये भी दिलचस्प है कि कनाडा के टोरंटो में आगा खान संग्रहालय खेद व्यक्त कर चुका है। यहां Kaali डॉक्यूमेंट्री दिखाई जानी थी, लेकिन विवाद के मद्देनजर 'काली' को फिल्मों की सूची से हटा दिया गया। आगा खान संग्रहालय में Kaali 'अंडर द टेंट' प्रोजेक्ट के हिस्से के रूप में प्रदर्शित की गई थी।












Click it and Unblock the Notifications