लॉरेंस की क्राइम कुंडली! 11 राज्यों में 700 शूटर्स की सेना, किसके पास कौन सा इलाका? कहां से आते हैं हथियार?
Lawrence Bishnoi Gang Crime Network: जरायम की दुनिया का बेताज बादशाह बनने की भूख में 'लॉरेंस बिश्नोई' ने दाऊद इब्राहिम (Dawood Ibrahim) की राह अपना ली है। शायद, यही वजह है कि पिछले दो साल में 11 राज्यों की पुलिस की नाक में दम कर दिया है। हरियाणा पुलिस कांस्टेबल का बेटा आज खुद कानून व्यवस्था का दुश्मन बन चुका है।
12 अक्टूबर 2024 को, महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्याकांड (Baba Siddiqui Murder Case) की जिम्मेदारी लेकर गुजरात की हाई सिक्योरिटी साबरमती जेल में बंद 'लॉरेंस बिश्नोई' सुर्खियों पर छाया हुआ है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के अनुसार, बिश्नोई के गिरोह में 700 से अधिक शूटर शामिल हैं, और इसका ऑपरेशन भारत के कई राज्यों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैला हुआ है। बिश्नोई के गुर्गे उनकी ताकत बनकर बाहर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। आइए जानते हैं बिश्नोई के नेटवर्क कहां-कहां तक फैला है?

11 राज्यों और 6 देशों में फैला बिश्नोई का क्राइम नेटवर्क
NIA ने अपनी चार्जशीट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तुलना दाऊद इब्राहिम की D-कंपनी से की है। दाऊद ने जिस तरह 90 के दशक में ड्रग तस्करी, लक्षित हत्याओं और जबरन वसूली के जरिए अपने नेटवर्क का विस्तार किया था, उसी तरह लॉरेंस बिश्नोई ने छोटे-मोटे अपराधों से शुरुआत करते हुए अपना आतंकवादी सिंडिकेट तैयार किया है। बिश्नोई का नेटवर्क अब 11 राज्यों और 6 देशों में फैला हुआ है।
बिश्नोई गिरोह में 700 शूटरों की सेना, 300 पंजाब से
लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का संचालन वर्तमान में उसके करीबी सहयोगी गोल्डी बराड़ द्वारा किया जा रहा है, जो कनाडा में छिपा हुआ है। NIA के अनुसार, गिरोह के 700 से अधिक शूटर हैं, जिनमें से 300 पंजाब से जुड़े हैं। यह गिरोह सोशल मीडिया के माध्यम से भी युवाओं को प्रभावित कर रहा है। बिश्नोई और उसके गैंगस्टरों की तस्वीरें फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफार्म पर पोस्ट की जाती हैं, जिससे युवाओं में इस गिरोह का प्रचार होता है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के हाई-प्रोफाइल कांड
- 12 सितंबर 2024: ग्रेटर कैलाश में जिम मालिक नादिर शाह हत्याकांड को अंजाम दिया गया। उसी के जिम के बाहर 5 सेकंड में 5 गोलियां चलाईं।
- 1 सितंबर 2024: पंजाबी सिंगर एपी ढिल्लों पर भी जानलेवा हमला हुआ। कनाडा स्थित मकान पर कुछ शूटर्स ने ताबड़तोड़ फायरिंग की।
- 14 अप्रैल 2024: सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर बाइक से आए दो शूटर्स ने 5 राउंड फायरिंग कराई गई।
- 5 दिसंबर 2023: करणी सेना के सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या हुई। दो शूटर्स ने गोलियों से भून डाला था।
- 25 नवंबर 2023: कनाडा सिंगर गिप्पी ग्रेवाल के घर पर फायरिंग हुई। जिम्मेदारी लेते हुए बिश्नोई गैंग ने कहा कि सलमान खान को कहो कि तुम्हें बचाने आए।
- 15 अप्रैल 2023: यूपी के बाहुबली माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ अहमद की हत्या में लॉरेंस गैंग का नाम उजागर हुआ था।
- 29 मई 2022 : सिद्धू मूसेवाला की हत्या। मूसेवाला को 24 गोलियां मारी गई थी।
किसके पास कौनसा इलाका?
- दिल्ली की कमान गोल्डी बराड़ के पास है।
- राजस्थान, मध्य प्रदेश और यूएसए की कमान रोहित गोदारा के पास है।
- वहीं, पुर्तगाल, अमेरिका, दिल्ली एनसीआर, महाराष्ट्र, बिहार, पश्चिम बंगाल की कमान अनमोल बिश्नोई के पास है।
- हरियाणा, उत्तराखंड की कमान काला जठेड़ी के पास है।
कौन कहां छिपा?
- अनमोल बिश्नोई इस गैंग को अमेरिका में बैठकर चला रहा है।
- गोल्डी बराड़, बिश्नोई गैंग का टॉप का गैंगस्टर है और कनाडा में एक्टिव है।
- रोहित गोदारा, राजस्थान का गैंगस्टर भी अमेरिका में छिपा है।
कहां से हो रही हथियारों की सप्लाई?
- मध्य प्रदेश: धार, सेंधवा, बड़वानी, रतलाम, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन।
- उत्तर प्रदेश: मेरठ, मुजफ्फरनगर और अलीगढ़।
- बिहार: मुंगेर और खगड़िया।
- पंजाब: पाकिस्तान सीमा से जुड़े शहरों से हथियार आते हैं।
- विदेश: अमेरिका, रूस, कनाडा, नेपाल से भी हथियार सप्लाई होते हैं।
जिगाना पिस्टल: लॉरेंस गैंग की पसंद
जिगाना पिस्टल, जो तुर्की में निर्मित होती है, लॉरेंस बिश्नोई गैंग की पहली पसंद है। यह पिस्टल पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारत लाई जाती है। इस पिस्टल का इस्तेमाल सिद्धू मूसेवाला और अतीक अहमद जैसे हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में किया गया था। इसकी कीमत 5 से 8 लाख रुपये के बीच होती है।
युवाओं को गिरोह में भर्ती करने की रणनीति
लॉरेंस बिश्नोई का गिरोह युवाओं को विदेश में नौकरी या पढ़ाई के सपने दिखाकर अपने साथ जोड़ता है। सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफार्म का उपयोग कर उन्हें प्रभावित किया जाता है। खासतौर से पंजाब के युवा, जो कनाडा जाने का सपना देखते हैं, इस गिरोह का टारगेट होते हैं।
खालिस्तानी आतंकवादियों से संबंध
NIA के अनुसार, पाकिस्तान स्थित खालिस्तानी आतंकवादी हरविंदर सिंह रिंदा भी बिश्नोई के शूटरों का इस्तेमाल पंजाब में लक्षित हत्याओं और आपराधिक गतिविधियों के लिए करता है।
लॉरेंस बिश्नोई का गैंग धीरे-धीरे एक बड़े संगठित अपराध नेटवर्क में तब्दील हो गया है। उसका नेटवर्क न सिर्फ भारत में बल्कि विदेशों में भी फैल चुका है। इस गिरोह की कार्यप्रणाली, दाऊद इब्राहिम के D-कंपनी के समान, अब आतंकवाद से जुड़े कामों में भी शामिल होती जा रही है।
(इनपुट न्यूज-18 और अन्य मीडिया रिपोर्ट्स)












Click it and Unblock the Notifications