पहाड़ी मंदिर की दान पेटियों में सड़ गए लाखों के नोट
रांची। झारखंड में पहाड़ी मंदिर की बड़ी मान्यता है। भक्त यहां बड़ी श्रद्धा से आते हैं और दान भी देकर जाते हैं। ऐसा अनुमान है कि रांची के पहाड़ी मंदिर में हर साल करीब डेढ़ करोड़ रुपए का दान आता है। यहां लापरवाही इस हद तक है कि चार महीने से दान पेटियों को खोला तक नहीं गया, जिसकी वजह से नोट सड़ गए हैं। मंदिर परिसर में करीब आठ लाख रुपए के सिक्के पड़े हैं, लेकिन इस दान की सुरक्षा के नाम पर कोई इंतजाम नहीं है। मंदिर विकास समिति का आरोप हैं कि इसके लिए प्रशासन जिम्मेदार है।

तत्कालीन एसडीओ अंजली यादव ने मंदिर विकास समिति से हिसाब मांगा था, जिस पर कोषाध्यक्ष ने इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं हुआ था। स्थिति की जस की तस बनी रही। पहाड़ी मंदिर की दान पेटी में नोटों के सड़ने की सूचना मिलने के बाद अनुमंडल के पदाधिकारी ने पत्र जारी किया और वीडियोग्राफी के साथ नोटों की गिनती कराने का आदेश दिया। मंगलवार को जब जिला प्रशासन के पांच मजिस्ट्रेटों की निगरानी में पहाड़ी मंदिर की दान पेटियों को खोला गया तो लाखों रुपये के सड़े-गले नोट निकले। मंदिर के मुख्य पुजारी मनोज कुमार मिश्रा का कहना है कि इसके लिए जिला प्रशासन दोषी है।
सावन से पहले हर दानपेटी को सील कर दिया गया, पर उसे समय पर खुलवाया नहीं गया। पहाड़ी मंदिर विकास समिति के पीआरओ का कहना है कि पहले हर रविवार को दान पेटी खोली जाती थी, लेकिन तत्कालीन एसडीओ अंजली यादव ने इन्हें सील कर दिया था। दान पेटियों पर ताला लगा हुआ है, अब इसे प्रशासन के पदाधिकारी ही खुलवा सकते हैं। रांची की तत्कालीन एसडीओ ने मंदिर की 22 दान पेटियों को सील कराया था। अब जिला प्रशासन सड़े हुए नोटों को सुखाकर बचाने की कोशिश कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications