अमेरिका में महिला को गुरुत्वाकर्षण से एलर्जी, दिन में 10 बार होती हैं बेहोश, 23 घंटे रहती हैं बिस्तर पर
कैलिफोर्निया, 31 अगस्त। कभी आपने सोचा है कि अगर धरती पर गुरुत्वाकर्षण बल ना हो तो क्या होगा। गुरुत्वाकर्षण बल खत्म हो जाए तो शायद धरती पर हर चीज हवा में उड़ने लगे। धरती पर मौजूद गुरुत्वाकर्षण बल की वजह से ही यहां पर जीवन की कल्पना संभव है। लेकिन अमेरिका में एक महिला का दावा है कि उसे गुरुत्वाकर्षण बल से एलर्जी है। महिला ने बताया कि वह गुरुत्वाकर्षण बल से एलर्जी की वजह से 23 घंटे तक बिस्तर पर ही पड़ी रही। दिन में 10 बार बेहोश हुई और वह तीन मिनट से ज्यादा खड़ी नहीं रह सकती है।

नौसेना में करती थीं नौकरी
अमेरिका की इस महिला का नाम लिंडसी जॉनसन है जोकि अमेरिकी नौसेना में एविएशन डीजल मैकेनिक थीं। उन्होंने बताया कि वह ऐसी समस्या से जूझ रही हैं जिसे दुनिया में बहुत कम ही समझा जाता है। लिंडसी बताती हैं इस बीमारी से बचने के लिए मुझे कभी-कभी पलथी मारकर बैठना पड़ता है ताकि वह बेहतर महसूस करें। इंडेपेंडेंट की रिपोर्ट के मुताबिक जॉनसन ने बताया कि मेरे पेट में और पीठ में 2015 से दर्द होने लगा।

डॉक्टरों ने बताया बीमारी का नाम
लिंडसी ने बताया कि पिछले कुछ सालों से मेरी समस्या बढ़ती जा रही है, अब हालात ऐसे हो गए हैं कि मुझे उल्टी आती है, मैं दिन में 10-10 बार बेहोश होकर गिर जाती हूं। कई सालों तक डॉक्टरों के पास वह इस समस्या को लेकर जाती रहीं। फरवरी 2022 में डॉक्टरों ने बताया कि लिंडसी को पॉश्चरल ऑर्थोस्टैटिक टैकीकार्डिया सिंड्रोम नाम की समस्या है। इस समस्या से ग्रसित व्यक्ति का ब्लड वॉल्यूम कम हो जाता है और मरीज जब खड़ा होता है या बैठता है तो हृदय की गति में रफ्तार बढ़ जाती है।

गुरुत्वाकर्षण से एलर्जी
वहीं लिंडसी जॉनसन का कहना है कि मुझे ग्रैविटी से एलर्जी है। वह कहती हैं कि मुझे गुरुत्वाकर्षण से एलर्जी है, यह सुनने में अजीब है लेकिन यह सच है। मैं लंबे समय तक खड़ी नहीं रह सकती हूं, मैं तीन मिनट से अधिक समय तक नहीं खड़ी रह सकती, मैं बेहोश हो जाती हूं। जब मैं लेटती हूं तो बेहतर महसूस करती हूं। मैं पूरी दिन बिस्तर पर रहती हूं, दिन में 23 घंटे।

असहनीय दर्द
लिंडसी ने बताया कि मैंने कभी नहीं सोचा था कि महज 28 वर्ष की आयु में मैं इस तरह की समस्या से ग्रसित हो जाऊंगी। मैंने कभी नहीं सोचा था मुझे नहाने के लिए कुर्सी का इस्तेमाल करना होगा। मैं अब घर से बाहर नहीं जा सकती हूं। इसका कोई इलाज भी नहीं है, लेकिन मेरे पास जो कुछ भी है मैं उसकी आभारी हूं। रिपोर्ट के अनुसार जब लिंडसी नेवी में काम कर रही थीं तो उन्हें यह समस्या महसूस हुई थी। उनके लक्षण बढ़ते रहे, वह असहनीय दर्द महसूस करती थीं. लेकिन डॉक्टर यह पता नहीं कर सके कि उन्हें किस चीज की दिक्कत है।

कई बार होना पड़ा भर्ती
लिंडसी ने बताया कि 2018 में मुझे नौसेना से इस बीमारी की वजह से मेडिकली डिस्चार्ज कर दिया गया। इसके 6 महीने के बाद मुझे पेट में दर्द होने लगा, उल्टी आने लगी। यह इतनी बुरी स्थिति थी कि मैं दर्द में कराहती थी और उल्टी करती थी। लेकिन डॉक्टर समझ ही नहीं सके कि मुझे क्या दिक्कत है, मैं इस बीमारी से लड़ती रही। पिछले कुछ सालों में कई बार लिंडसी को अस्पताल में भर्ती भी करना पड़ा। लेकिन डॉक्टरों ने बताया कि शायद मुझे चिंता है, इस वजह से इस तरह के लक्षण मैं महसूस कर रही हूं।
संगीत सीख रही
वर्ष 2022 की शुरुआत में लिंडसी खाना भी नहीं खा पा रही थीं। उनकी स्थिति इतनी खराब हो गई कि उन्हें ड्राइविंग तक करना छोड़ना पड़ा। वह आराम से झुक तक नहीं पाती थी। आखिरकार डॉक्टरों को उनकी समस्या का पता चला। लिंडसी कहती हैं कि मैं शुक्रगुजार हूं कि अब मुझे पता चल गया है कि दिक्कत क्या है, मैं इसका इलाज कर सकती हूं। लेकिन अभी भी लिंडसी सामान्य जीवन नहीं जी पा रही हैं, वह अपने पति पर ही निर्भर हैं। लेकिन इस बीमारी के बावजूद लिंडसी संगीत सीख रही हैं, उन्हें उम्मीद है कि वह फिर से काम पर जा सकती हैं, वह लेटकर भी काम कर सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications