भारत-चीन के बीच 8 घंटे चली कोर कमांडर लेवल की बैठक, पूर्वी लद्दाख पर हुई चर्चा
नई दिल्ली, 10 अक्टूबर: लद्दाख में पिछले साल मई से चीन के साथ भारत का विवाद जारी है। इस दौरान दोनों देशों के बीच कई बार युद्ध जैसे हालात बने, हालांकि तनाव को कम करने के लिए बातचीत का सिलसिला जारी है। जिसके चलते रविवार को लद्दाख में भारतीय सेना और चीनी सेना के बीच कोर कमांडर लेवल की बैठक हुई, जो करीब 8.30 घंटे चली। इस दौरान दोनों पक्षों ने पूर्वी लद्दाख के कई मुद्दों पर चर्चा की। हालांकि बैठक में क्या फैसला हुआ, इसकी जानकारी अभी आधिकारिक रूप से नहीं दी गई है।

भारतीय सेना के सू्त्रों के मुताबिक भारत और चीन के बीच कोर कमांडर लेवल की बैठक रविवार को मोल्डो में हुई, जो शाम करीब 7 बजे खत्म हुई। लद्दाख में तनाव शुरू होने के बाद से ये दोनों देशों की सेनाओ के बीच 13वें दौर की बैठक थी। सूत्रों ने बताया कि बैठक में पूर्वी लद्दाख सेक्टर में जारी सैन्य गतिरोध पर चर्चा हुई। इस मुद्दे का समाधान हुआ या नहीं, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।
अरुणाचल में भी तनाव
वहीं दूसरी ओर अरुणाचल प्रदेश से लगने वाले बर्डर पर भी टेंशन बढ़ती जा रही है। सूत्रों के मुताबिक तवांग के पास दोनों देशों के गश्ती दल आमने-सामने आ गए, जिसके बाद वहां मामूली विवाद हो गया। कई मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि पिछले सप्ताह अरुणाचल प्रदेश में भारतीय सैनिकों के साथ विवाद के बाद चीनी सैनिकों को हिरासत में लिया गया था। वहीं चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियन से जब इस मामले पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि मुझे इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।
चीन की नई चाल
चीन ने कई बार भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश की, लेकिन भारतीय सेना ने उसे खदेड़ दिया। जिस वजह से चीन बौखलाया हुआ है। साथ ही वो सोशल मीडिया पर भारतीय सेना की फर्जी तस्वीरें शेयर कर रहा। जिसके साथ दावा किया जा रहा कि लद्दाख में कई भारतीय सैनिक बंदी बनाए गए हैं। हालांकि भारतीय सेना के सूत्रों ने इन तस्वीरों को फर्जी बताया है।












Click it and Unblock the Notifications