जय श्री राम पर ममता के गुस्साने पर कुमार विश्वास ने ट्वीट किया ये दोहा
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के जय श्रीराम का नारा लगाने पर गुस्से होने को लेकर कवि और राजनेता कुमार विश्वास ने दोहा लिखकर उन्हें राम नाम लेने की सलाह दी है। गुरुवार को ममता बनर्जी उस समय भड़क गई थीं, जब उनके काफिले के पास कुछ लोगों ने 'जय श्री राम' के नारे लगाए थे। इस पर ममता ने कथित तौर पर उनको 'ठीक' कर देने की धमकी दी थी। इस घटना पर कुमार ने ट्वीट किया है।
कुमार ने ट्वीट किया तुलसीदास का दोहा
कुमार विश्वास ने ट्वीट किया, 'राम नाम मनिदीप धरु जीह देहरीं द्वार।तुलसी भीतर बाहेरहुँ जौं चाहसि उजिआर।। अर्थात-बाबा तुलसी कहते हैं कि हे मनुष्य (हे दीदी) यदि तुम भीतर-बाहर (केन्द्र-राज्य) दोनों ओर उजाला (प्रगति-शांति-सुराज) चाहती हो तो मुखरूपी द्वार की जीभरुपी देहलीज पर राम-नामरूपी मणिदीप को रखो।

ममता के सामने लगे थे नारे
गुरुवार को ममता बनर्जी का काफिला उत्तरी 24 परगना जिले के भाटपारा से गुजर रहा था तभी कुछ लोगों ने जय श्री राम के नारे लगाए। जिस पर ममता गुस्सा होकर गाड़ी से बाहर आ गईं और इन लोगों को धमकाया। वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। बनर्जी एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नैहाटी जा रही थी। जब बनर्जी का काफिला भाटपारा क्षेत्र से गुजर रहा था तो ये वाकया हुआ।

पश्चिम बंगाल में आमने-सामने हैं भाजपा और टीएमसी
पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव के समय से ही भाजपा और टीएमसी के बीच टकराव देखने को मिल रहा है। चुनाव के दौरान भी दोनों पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच लगातार हिंसा देखने को मिली। लोकसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य की 42 में 18 सीटें जीती हैं, जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा हुआ है और लगातार ममता बनर्ज के काफिले में नारे लगाने के मामले सामने आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications