अपनी ही पार्टी के नेताओं के निशाने पर गुलाम नबी आजाद, बिन्नोई बोले- कांग्रेस को कमजोर करना उनका मकसद
नई दिल्ली: हाल ही में बिहार विधानसभा चुनाव हुए थे। इस चुनाव को कांग्रेस ने आरजेडी के साथ मिलकर लड़ा, इसके बावजूद भी वो सिर्फ 19 सीटों पर ही सिमट गई। जिस वजह से अब कुछ कांग्रेसी नेता पार्टी के नेतृत्व पर सवाल उठा रहे हैं। रविवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने पार्टी की कार्यप्रणाली और जमीनी स्तर से जुड़ाव को लेकर कई बातें कहीं थी। जिसके बाद अब उन्हीं की पार्टी के नेता उन पर हमलावर हो गए हैं। मामले में हरियाणा से कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई ने आजाद के बयान पर पलटवार किया है।

Recommended Video
विधायक बिन्नोई ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि आजाद साहब ने पिछला चुनाव 15 साल पहले जीता था। इसलिए हम जैसे लोग, जो लगातार चुनाव जीतते रहे हैं, वो वर्तमान राजनीतिक स्थिति के बारे में बेहतर बता सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि कुछ नेता हमारे विरोधी पार्टियों के हाथों में खेल रहे हैं। उनमें से कुछ के खिलाफ मामले दर्ज हैं, ऐसे में खुद को बचाने के लिए वो अन्य दलों से मिलीभगत कर कांग्रेस को कमजोर करना चाहते हैं, लेकिन हम जैसे नेता उनकी साजिशों को सफल नहीं होने देंगे।
क्या था आजाद का बयान?
बिहार चुनाव पर बोलते हुए रविवार को गुलाम नबी आजाद ने कहा कि मैं हार के लिए लीडरशिप को जिम्मेदार नहीं मानता हूं। हमारे लोगों ने जमीनी स्तर पर जुड़ाव खो दिया है, आपको (नेताओं) पार्टी से प्यार होना चाहिए। इतना ही नहीं आजाद ने पार्टी के नेताओं के व्यवहार पर भी जमकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा चुनाव 5 स्टार कल्चर से नहीं जीते जाते हैं। आज के नेताओं के साथ परेशानी यह है कि अगर उन्हें पार्टी से टिकट मिल जाता है, तो वे पहले 5 स्टार होटल बुक कराते हैं। अगर रोड खराब है तो वे कहीं नहीं जाते। आजाद ने कहा 'जब तक 5 स्टार कल्चर को खत्म नहीं किया जाता, कोई भी चुनाव नहीं जीत सकता है।












Click it and Unblock the Notifications