कुलभूषण जाधव से परिवार की मुलाकात के बाद सुषमा स्वराज संसद में देंगी बयान
नई दिल्ली। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज गुरुवार को लोकसभा और राज्यसभा में कुलभूषण जाधव के मामले में बयान देंगी। सुषमा स्वराज राज्यसभा में सुबह 11 बजे तो लोकसभा में 12 बजे जाधव के मुद्दे पर अपना बयान देंगी। स्वराज कुलभूषण जाधव की मां और पत्नी से पाकिस्तान में मुलाकात के बाद इस मुद्दे पर संसद के दोनों सदनों में पहली बार अपना बयान देंगी। गौरतलब है कि इस मुलाकात के दौरान जाधव की मां और पत्नी से चूड़ियां, मंगलसूत्र और बिंदी उतरवा ली गई थी। यही नहीं जाधव की पत्नी के जूते तक सुरक्षा कारणों का हवाला देकर जब्त कर लिए गए। जाधव के परिवार के साथ इस तरह के बर्ताव पर भारत ने कड़ी आपत्ति जताई थी।

आपको बता दें कि जिस दौरान जाधव की पत्नी और मां उनसे मुलाकात कर रही थीं तो उनके बीच शीशे की दीवार थी और उन्हें इंटरकॉम के जरिए बात करने की इजाजत दी गई थी। यहां तक कि जाधव की मां को उनकी मातृभाषा में बात नहीं करने दिया गया, जब मराठी में बोल रही थीं तो उन्हें रोक दिया गया और कहा गया कि आप हिंदी या अंग्रेजी में बात करें। इस मुलाकात के बाद जिस तरह से भारत ने पाकिस्तान के रवैये पर कड़ी आपत्ति जताई उसे पाकिस्तान ने सिरे से खारिज करते हुए कहा कि हम बेमतलब की जुबानी लड़ाई नहीं चाहते हैं।
इसे भी पढ़ें- जाधव परिवार के साथ बदसलूकी के बाद बोला पाक, बेमतलब शब्दों की लड़ाई नहीं चाहिए












Click it and Unblock the Notifications