Video में हरितालिका किताब पर आपत्तिजनक कमेंट करने वाली सुष्मिता सिन्हा कौन है? लोग कर रहे गिरफ्तारी की मांग
नई दिल्ली। धर्म को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले आए दिन बढ़ते जा रहे हैं। हाल ही में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ऐसे ही एक मामले में हीर खान नामक महिला को गिरफ्तार किया गया है। हीर खान का मामला अभी लोग भुला भी नहीं पाए थे कि एक और महिला का वीडियो वायरल होने लगा। जिसमें ये महिला हिंदुओं की हरितालिका व्रत पर पढ़ी जाने वाली किताब पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर रही है। इस महिला का नाम सुष्मिता सिन्हा बताया जा रहा है, जो अपनी वीडियो के चलते सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल हो रही है।

इंस्टाग्राम पर शेयर किया आपत्तिजनक वीडियो
इस समय सोशल मीडिया पर हैशटैग अरेस्ट सुष्मिता सिन्हा (#ArrestSushmitasinha) टॉप पर ट्रेंड कर रहा है। लोग इस महिला की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में ऐसा कहा जा रहा है कि सुष्मिता सिन्हा एक इंस्टाग्रामर है, तो वहीं कुछ में उसे पत्रकार बताया जा रहा है। सुष्मिता ने अपने अकाउंट पर कुछ तस्वीरें भी शेयर की थीं, जिनके जरिए उसने कहा है कि वह हरितालिका तीज व्रत की किताब का इस्तेमाल टॉयलेट पेपर के तौर पर कर रही है। इसके साथ ही उसने इंस्टाग्राम स्टोरी पर भी एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उसने किताब को लेकर काफी कुछ विवादित कहा है।

वीडियो में क्या कहती है सुष्मिता सिन्हा?
सुष्मिता सिन्हा ने कहा है, 'इस किताब के लिए मैंने पंद्रह रुपये खर्च किए, अब ये किताब मेरे किसी काम की नहीं है। तो मैं ये सोच रही हूं कि इसे मैं टिशू पेपर की तरह या टॉयलेट पेपर की तरह इस्तेमाल करूं, आपका क्या कहना है।' यही वीडियो ट्विटर पर भी जमकर शेयर किया जा रहा है और लोग सुष्मिता सिन्हा को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं। आपको बता दें हरितालिका तीज हिंदुओं का एक पवित्र त्योहार होता है, जिसमें ये किताब पढ़ी जाती है। तीज को भारत सहित नेपाल जैसे देश में भी धूमधाम से मनाया जाता है। ये व्रत काफी कठिन माना जाता है और इस दिन भगवान शिव और मां पार्वती की पूजा की जाती है।
संबित पात्रा ने कहा- ये दोहरे मापदंड क्यों?
सुष्मिता सिन्हा का ये वीडियो भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने भी शेयर किया है। उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए कहा है, 'मैंने अभी सोशल मीडिया पर यह विडियो देखा, एक महिला हिंदू शास्त्रों को "टॉयलेट-पेपर" के रूप में इस्तेमाल करना चाहती है.. क्या मुझे कोई बता सकता है ये महिला कौन है और इस विडियो की सच्चाई क्या है? भगवान शिव और मां पार्वती जिस शास्त्र पर अंकित हों उसे टॉयलेट पेपर के रूप में.. धिक्कार।' एक अन्य ट्वीट में संबित पात्रा ने कहा, 'लोगों ने बताया यह महिला एक पत्रकार है, जिसका नाम सुस्मिता है। बेंगलुरु में दलित लड़के नवीन पर तो सब बरस रहे थे.. मगर सुस्मिता का यह विडियो अभिव्यक्ति की आजादी है.. ये दोहरे मापदंड क्यों? क्या हिंदुओं की कोई भावना नहीं होती और हिंदू आहत नहीं हो सकता! ये है वामपंथीयो का सेक्युलरिजम?'

क्या बोल रहे हैं लोग?
ट्विटर पर बहुत से लोगों ने सुष्मिता को लताड़ लगाई है। एक ट्विटर यूजर ने कहा है, 'यह सुष्मिता सिन्हा नामक महिला है जो भगवान शिव और मां पार्वती जिस शास्त्र पर अंकित हो उसे टॉयलेट पेपर के रूप में इस्तेमाल की बात कर रही है। ये महिला पब्लिसिटी के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं, इनके खिलाफ ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए कि इनके साथ पीढ़ियां याद रखें।' एक अन्य ट्विटर यूजर का कहना है, 'ये सुष्मिता सिन्हा है, हमारी हिन्दुओं की पवित्र व्रत कथा की किताब को टॉयलेट पेपर की तरह उपयोग कर रही है, ऐसे लोगों के खिलाफ आवाज उठाई जाए।'












Click it and Unblock the Notifications