राकेश टिकैत ने ली कोरोना वैक्सीन की पहली डोज, धरना स्थल के पास ही अस्पताल पहुंच लगवाया टीका
गाजियाबाद, 13 अप्रैल: भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने कोरोना का टीका लगवाया है। मंगलवार को गाजियाबाद के कौशांबी में यशोदा अस्पताल पहुंचकर सुबह करीब दस बजे राकेश टिकैत ने टीका लगवाया। टीका लगवाने के बाद 11 बजे राकेश टिकैत अस्पताल से वापस आ गए। दिल्ली यूपी को जोड़ने वाले बॉर्डर पर कई महीने से धरना दे रहे राकेश टिकैत ने कुछ समय पहले सभी किसानों को कोरोना का टीका दिए जाने की मांग भी की थी।
Recommended Video

देश में लगातार बढ़ते कोरोना मामलों के बीच कोरोना टीकाकरण भी रफ्तार पकड़ रहा है। 16 जनवरी से देश में वैक्सीन दिए जाने का काम शुरू किया गया है। इस समय देश में 45 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को टीका लगाया जा रहा है। इसी के तहत आज राकेश टिकैत को भी टीका लगा है।
राकेश टिकैत कई महीने से धरने पर
हजारों किसान बीते कई महीने से दिल्ली को पंजाब, हरियाणा और यूपी से जोड़ने वाले बॉर्डरों पर धरना दे रह हैं। केंद्र सरकार बीते साल जून में तीन नए कृषि कानून लेकर आई थी, जिनमें सरकारी मंडियों के बाहर खरीद, अनुबंध खेती को मंजूरी देने और कई अनाजों और दालों की भंडार सीमा खत्म करने जैसे प्रावधान किए गए हैं। इसको लेकर किसान जून, 2020 के महीने से लगातार आंदोलनरत हैं और इन कानूनों को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। किसानों का आंदोलन जून, 2020 से नवंबर तक मुख्य रूप से हरियाणा और पंजाब में चल रहा था। सरकार की ओर से प्रदर्शन पर ध्यान ना देने की बात कहते हुए 26 नवंबर को किसानों ने दिल्ली के लिए कूच कर दिया। इसके बाद 26 नवंबर, 2020 से देशभर के किसान दिल्ली और हरियाणा को जोड़ने वाले सिंधु बॉर्डर, टिकरी बॉर्डर गाजीपुर बॉर्डर और दिल्ली के दूसरे बॉर्डर पर धरना दे रहे हैं। गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों के धरने का नेतृत्व राकेश टिकैत के हाथों में है।












Click it and Unblock the Notifications