बर्धमान ब्लास्ट: असम से पकड़ा गया संदिग्ध आरोपी शाहनूर आलम
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के वर्धमान में हुए दिल दहला देने वाले बम ब्लास्ट मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मुख्य आरोपी शाहनूर आलम को असम से गिरफ्तार किया है। आलम ने कथित तौर पर आतंकवादी समूह जमात-उल-मुजाहिदीन के भारतीय मोड्यूल के लिए धन की व्यवस्था की थी। एनआईए ने पिछले महीने आलम की पत्नी को गिरफ्तार किया था। एनआईए पिछले कुछ समय से आलम की तलाश में थी जब से बर्धमान विस्फोट में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और कॉल रिकॉर्ड में उसका नाम सामने आया था।

गत 2 अक्तूबर को हुए विस्फोट में एनआईए की जांच को एक अन्य आरोपी साजिद की गिरफ्तारी के बाद प्रोत्साहन मिला था। एनआईए ने आलम की गिरफ्तारी के लिए उनके छिपे होने वाले ठिकानों पर छापे मारे। पिछले ही महीने एनआईए ने आमल की पत्नी को गिरफ्तार किया था लेकिन आलम विस्फोट के बाद से ही फरार चल रहा था। एनआईए ने असम पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के साथ उन ठिकानों पर छापे मारे जहां आलम छिपा हो सकता था।
आखिरकार आलम को असम के नलबाड़ी जिले से शुक्रवार रात को गिरफ्तार कर लिया। आलम उर्फ डॉक्टर असम के बारपेटा जिले के चताला गांव का रहने वाला है। कथित तौर आलम ने आतंकवादी समूह जमात-उल-मुजाहिदीन के भारतीय मोड्यूल के लिए धन की व्यवस्था की थी। एनआईए ने आलम की सूचना देने वाले को 5 लाख रूपए का इनाम देने की घोषणा कर रखी थी।












Click it and Unblock the Notifications