केरल: विवादों में मेडिकल कॉलेज का कार्यक्रम, महिला और पुरुषों के बीच लगाया पर्दा
त्रिशूर, 8 जुलाई: इस्लामिक समूह मुजाहिद विजडम इस्लामिक ऑर्गनाइजेशन द्वारा केरल के त्रिशूर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसका विषय LGBTQIA: बिहाइंड द रेनबो फ्लैग्स: अंडरस्टैंडिंग LGBTQIA फ्रॉम ए इस्लामिक पर्सपेक्टिव था। वैसे तो इस कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राएं दोनों शामिल हुए थे, लेकिन आयोजकों ने उनके बीच पर्दा लगा दिया। कार्यक्रम की तस्वीरें वायरल होने के बाद कई छात्र संगठनों ने इसकी आलोचना की है। हालांकि संगठन ने इसे निजी कार्यक्रम बताते हुए पल्ला झाड़ लिया।

दरअसल संगठन के एक पदाधिकारी ने इस कार्यक्रम की फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। जिसमें लड़के और लड़कियों के बीच पर्दा दिखाई दिया। देखते ही देखते ये फोटो वायरल हो गई। जिस पर संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि इस पूरे कार्यक्रम का खर्च उन्होंने उठाया था, ऐसे में उनका विचार था कि पर्दा डालकर लड़के-लड़कियों को अलग किया जाए। इसके अलावा ये एक निजी स्थान पर आयोजित की गई थी, ऐसे में इस पर विवाद नहीं होना चाहिए।
वहीं घटना पर एसएफआई के प्रदेश अध्यक्ष अनुश्री ने कहा कि उच्च शैक्षणिक योग्यता वाले छात्रों का इस तरह के अभियानों का हिस्सा बनना चिंता का विषय है। एसएफआई इसे एक बड़ी चुनौती के रूप में देखता है। वहीं केरल शास्त्र साहित्य परिषद ने कहा कि कार्यक्रम में शामिल लोगों को ये नहीं बताया गया कि पर्दा क्यों था? किसी ने वहां पर पर्दे की जरूरत को लेकर भी सवाल नहीं उठाया।
सोशल मीडिया पर भी आलोचना
वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया पर भी लोगों ने इस घटना की आलोचना की है। कुछ लोगों ने इसे तालिबानी सोच बताते हुए आयोजकों पर कार्रवाई की मांग की। इस पर आयोजकों ने कहा कि इस कार्यक्रम में कॉलेज प्रशासन और कॉलेज यूनियन की कोई भूमिका नहीं थी। उनको दुख हो रहा है कि कुछ लोग इससे जुड़ी गलत जानकारी सोशल मीडिया पर प्रकाशित कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications