रेप पीड़िता से आपत्तिजनक सवाल पूछने वाले पुलिस अधिकारी के खिलाफ जांच के आदेश
पीड़िता ने आरोप लगाया था कि पुलिस अधिकारी ने आरोपियों को सामने बैठाकर उससे आपत्तिजनक सवाल किये थे।
तिरुवनंतपुरम। केरल में रेप पीड़िता से आपत्तिजनक सवाल पूछने वाले पुलिस अधिकारी के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं। राज्य के डीजीपी लोकनाथ बेहरा ने कहा कि पुलिस पर लगे आरोपों की जांच के लिए एक और इंक्वायरी का आदेश दिया गया है।

डीजीपी ने कहा, 'हमने आरोपों को गंभीरता से लिया है और मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। अगर संबंधित अधिकारी को दोषी पाया जाता है तो कड़ी कार्रवाई होगी।'
रेप पीड़िता ने गुरुवार को अपने पति के साथ मीडिया के सामने आकर मामले का खुलासा किया था। इसके पहले उसने जानी-मानी डबिंग आर्टिस्ट भाग्यलक्ष्मी से आपबीती सुनाई थी, जिन्होंने सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर पूरा मामला लिखा था।
भाग्यलक्ष्मी ने अपनी पोस्ट में लिखा- 'पीड़िता मुझसे मिलने आई थी और काफी ज्यादा रोई। पति के दोस्तों ने उसके साथ रेप किया लेकिन शिकायत करने पर पुलिस ने जांच करने के बजाय उसे बेइज्जत किया।' पीड़िता ने आरोप लगाया था कि पुलिस अधिकारी ने आरोपियों को सामने बैठाकर उससे सवाल किया था कि रेप के दौरान उनमें से किसने उसे ज्यादा मजा दिया।












Click it and Unblock the Notifications