Operation Sindoor को लेकर केरल में मचा बवाल, 27 RSS कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज, BJP बोली- ये पाकिस्तान नहीं है
Kerala Pookalam Controversy Operation Sindoor: केरल के कोल्लम जिले में ओणम त्योहार पर बना एक पूक्कलम (फूलों की सजावट) अब राजनीतिक घमासान का कारण बन गया है। दरअसल, इस पूक्कलम में आरएसएस का झंडा और 'ऑपरेशन सिंदूर' लिखा गया था। मंदिर समिति का कहना है कि ये काम हाई कोर्ट के आदेश की धज्जियां उड़ाकर किया गया, इसलिए उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
नतीजा ये हुआ कि 27 आरएसएस कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज कर लिया गया। दूसरी तरफ बीजेपी ने इस कार्रवाई को 'देशभक्ति का अपमान' बताते हुए सरकार और पुलिस पर सीधा हमला बोला है। अब देखते हैं पूरा विवाद क्या है।

क्या है पूरा विवाद?
कोल्लम जिले के मुथुपिलक्क स्थित पार्थसारथी मंदिर में ओणम के अवसर पर फूलों का एक खूबसूरत पूक्कलम सजाया गया। इसमें आरएसएस के झंडे का प्रतीक और 'ऑपरेशन सिंदूर' लिखा गया। मंदिर समिति का कहना है कि इससे पहले त्योहारों में झंडा लगाने को लेकर झगड़े होते रहे हैं। इसलिए 2023 में केरल हाईकोर्ट ने मंदिर परिसर के पास किसी भी झंडे या सजावटी वस्तु पर रोक लगा दी थी। इसके बावजूद आरएसएस कार्यकर्ताओं ने ऐसा किया, जिसके बाद मंदिर समिति ने शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई और लगाए गए धाराएं
मंदिर समिति के सदस्य अशोकन सी की शिकायत पर केरल पुलिस ने मामला दर्ज किया। कार्यकर्ताओं पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 (सार्वजनिक आदेश का उल्लंघन), 192 (दंगे की नीयत से भड़काना) और 3(5) (सामूहिक अपराध) लगाई गईं। FIR में यह भी उल्लेख है कि मंदिर से 50 मीटर की दूरी पर छत्रपति शिवाजी की फ्लेक्स बोर्ड भी लगाया गया था, जिसका उद्देश्य विरोधी राजनीतिक समूहों में तनाव पैदा करना बताया गया।
BJP ने तुष्टिकरण की राजनीति बताया
BJP ने इस कार्रवाई को चौंकाने वाला बताते हुए पुलिस पर जमकर हमला बोला। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि यह फैसला ऐसा लगता है मानो केरल पाकिस्तान या जमात-ए-इस्लामी के कब्जे में हो। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर एफआईआर वापस नहीं ली गई तो भाजपा अदालत जाएगी। भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने इसे तुष्टिकरण की राजनीति करार दिया और कहा कि देशभक्ति का संदेश देने वाले फूलों के डिज़ाइन को हटाना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।
ये भी पढ़ें: Op Sindoor: ऑपरेशन सिंदूर में भारत के इस कदम से दहशत में आ गए थे ट्रंप, वॉल स्ट्रीट जर्नल का बड़ा खुलासा
'ये पाकिस्तान नहीं है, ये भारत का हिस्सा केरल है'
भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने अपने सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि, 'केरल के कोल्लम ज़िले में पुलिस ने ओणम पर सजाए गए पूक्कलम (फूलों की सजावट) को सिर्फ इसलिए हटवा दिया क्योंकि उस पर ऑपरेशन सिंदूर लिखा था। ये पाकिस्तान नहीं है, ये भारत का हिस्सा केरल है। लेकिन यहां लेफ़्ट की सरकार में देशभक्ति का संदेश देने वाले फूल भी खतरा समझे जा रहे हैं। सिर्फ़ एक वर्ग को खुश करने के लिए ऐसा किया जा रहा है और विडंबना ये है कि यही लेफ़्ट सरकार बार-बार पूरे देश को अभिव्यक्ति की आज़ादी (Free Speech) पर ज्ञान देती है। सच में, ये दोहरी नीति और पाखंड की इंतहा है!
ये भी पढ़ें: सिंदूर उजड़ गया तो ऑपरेशन का नाम Sindoor क्यों? बोलीं जया बच्चन, भड़के लोग,बोले-'बहुत ड्रामा करती हैं'












Click it and Unblock the Notifications