Kerala News: केरल के पलक्कड़ जिले में 2 बसों की टक्कर, 5 छात्र, 1 शिक्षक समेत 9 की मौत, 38 घायल
Kerala News: केरल के पलक्कड़ जिले में 2 बसों की टक्कर, हादसे में 9 की मौत, 38 घायल
तिरुवनंतपुरम, 06 अक्टूबर: केरल के पलक्कड़ जिले में एक भीषण सड़क हादसे की खबर गुरुवार सुबह-सुबह सामने आई है। केरल के पलक्कड़ जिले के वडक्कनचेरी में केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) की एक बस, टूरिस्ट बस टकरा गई, इस एक्सीडेंट में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं फिलहाल 38 लोगों के घायल होने की खबर है। इस घटना की जानकारी केरल के राज्य मंत्री एमबी राजेश ने दी। केरल के सड़क परिवहन मंत्री एंटनी राजू ने गुरुवार को कहा कि केरल के पलक्कड़ के वडक्कनचेरी में एक प्राइवेट पर्यटक बस ने सरकारी केएसआरटीसी बस को पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें पांच छात्रों सहित नौ लोगों की मौत हो गई।

पलक्कड़ के वडक्कनचेरी इलाके में ये हादसा बुधवार रात हुई, जब एक टूरिस्ट बस ने केरल की सरकारी बस को पीछे से टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि मरने वालों में पांच छात्र, एक शिक्षक और तीन केएसआरटीसी के यात्री शामिल हैं। बाकी अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कैसे हुआ केरल के पलक्कड़ में बस हादसा
मंत्री ने कहा कि दुर्घटना बुधवार रात करीब 11.30 बजे हुई, जब एक निजी बस, जो हाई स्पीड से चल रही थी, एक कार को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी, इसी दौरान केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की बस के पिछले छोर से टकरा गई। उन्होंने मीडिया को बताया, "इस वजह से दोनों बसें सड़क से दूर चली गईं। हादसे में पांच छात्रों और एक शिक्षक समेत नौ लोगों की मौत हो गई।" मंत्री ने यह भी कहा कि प्रारंभिक दृष्टिकोण से लगता है कि दुर्घटना निजी बस की तेज गति और उसके ड्राइवर की लापरवाही के कारण हुई।
बस में सवार थे 81 यात्री
मंत्री ने कहा कि केएसआरटीसी की बस केरल के कोट्टाराक्कारा से तमिलनाडु के कोयंबटूर जा रही थी और उसमें 81 यात्री सवार थे, जिनमें से तीन की दुर्घटना में मौत हो गई। निजी बस में एर्नाकुलम के बेसिलियोस विद्यानिकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के 42 छात्र और 5 शिक्षक सवार थे।
राज्य के स्थानीय स्वशासन मंत्री एम बी राजेश ने पलक्कड़ के अस्पताल का दौरा किया, जहां घायलों को भर्ती कराया गया था, उन्होंने मीडिया से कहा, उनमें से चार की हालत गंभीर है, लेकिन बाकी ठीक हैं।
इस बीच राज्य के राजस्व मंत्री के राजन ने मीडिया से कहा कि जो हुआ उससे हर कोई सदमे में है। उन्होंने कहा कि यह पता लगाने के लिए जांच की जाएगी कि दुर्घटना कैसे और क्यों हुई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की जरूरत होगी।












Click it and Unblock the Notifications