Video: केरल की सड़कों पर दिखा 'द बर्निंग ट्रक', इस शख्स ने खतरनाक स्टंट कर बचाई कई लोगों की जान
तिरुवनंतपुरम, फरवरी 02। केरल के कोडेनचेरी इलाके में बीते रविवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया और ये सब हुआ एक व्यक्ति की समझदारी से, जिसने अपने साथ-साथ कई और लोगों की जिंदगियों को भी बचा लिया। अब लोग उस व्यक्ति को किसी हीरो से कम नहीं मान रहे हैं। दरअसल, कोडेनचेरी इलाके में रविवार को एक घटना घटी, जिसमें चावल की बोरियों से लदे एक ट्रक में आग लग गई और ये आग बिजली की तारों के संपर्क में आने से लगी।

ट्रक को बचाने के लिए 'स्टंट मैन' बना ये शख्स
स्थानीय मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, ये घटना रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है, जब चावल के भूसे से भरा एक ट्रक सड़क के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन पावर लाइन से टकरा गया। इससे ट्रक में भरे भूसे में आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि उससे पूरा ट्रक जलने और डीजल टैंक में विस्फोट होने पर आसपास मौजूद लोगों के भी चपेट में आने का खतरा पैदा हो गया।

प्ले ग्राउंड में ले जाकर 'जिगजैक' स्टाइल में चलाया ट्रक
इस खतरे को ड्राइवर ने भांप लिया था और वो मौके से ट्रक को छोड़कर भाग गया, लेकिन वहां मौजूद 45 साल के शाहजी वर्गीस ने हिम्मत दिखाई और उन्होंने वो काम कर दिया, जो अक्सर फिल्मों में देखने को मिलता है। दरअसल, शाहजी ने तुरंत ट्रक को अपने कंट्रोल में लिया और वो उसे पास ही के एक खाली मैदान में ले गए, जहां उन्होंने जली हुई बोरियों को ट्रक से खाली कर दिया। इस तरह से शाहजी ने सैंकड़ों लोगों की जान बचा ली। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दमकल विभाग की टीम भी पहुंची घटनास्थल पर
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि शाहजी वर्गीस किस तरह ट्रक पर से अधिक से अधिक जली हुई बोरियों को नीचे गिरा देते हैं। शाहजी ने ट्रक को 'जिगजैग' अंदाज में ट्रक को चलाया और जलती हुई बोरियां नीचे गिरने लगी। इसके बाद दमकल विभाग को घटना की सूचना दी गई और मौके पर दमकल विभाग की टीम ने पहुंचकर पूरी स्थिति को अपने कंट्रोल में लिया।

इस स्टंट को करने वाले शाहजी बने हीरो
इस काम को अंजाम देने वाले शाहजी वर्गीस ने मीडिया से कहा है, "मैं 25 साल से हेवी व्हीकल ड्राइवर के रूप में काम कर रहे हैं। "मुझे लगता है कि मेरे गांव और विदेशों में इसी तरह की जोखिम भरी परिस्थितियों से निपटने के मेरे पिछले अनुभवों ने मुझे चुनौती का सामना करने में मदद की।" शाहजी ने बताया कि इस वीडियो के वायरल होने के बाद उनके दोस्त और परिवार के लोगों के फोन उनके पास आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications