एक्टर दिलीप को केरल हाईकोर्ट से मिली राहत, मंगलवार तक गिरफ्तारी पर रोक
कोच्चि, 14 जनवरी: मलयालम सिनेमा के जानेमाने एक्टर दिलीप पर यौन उत्पीड़न के संगीन आरोप लगे हैं। कल केरल पुलिस ने उनके आवास और ऑफिसों पर छापेमारी की थी। लेकिन अब एक्टर दिलीप को केरल हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। केरल हाईकोर्ट ने एक्टर की मंगलवार तक गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। एक्टर पर 'अभिनेत्री यौन उत्पीड़न मामले' की जांच कर रहे अधिकारियों को कथित रूप से धमकाने का आरोप है।

केरल पुलिस के क्राइम ब्रांच ने 13 जनवरी को एक्टर दिलीप और उनके भाई के घरों और उनके प्रोडक्शन हाउस- ग्रैंड प्रोडक्शन कंपनी के ऑफिस पर छापेमारी की थी। एक एक्ट्रेस के यौन उत्पीड़न मामले में जांच अधिकारियों को कथित रूप से धमकाने के मामले में उनके खिलाफ एक नए मामले में पुलिस ने यह कार्रवाई की। जिसके बाद दिलीप पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही थी। लेकिन अब हाईकोर्ट से दिलीप को थोड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने एक्टर की मंगलवार तक गिरफ्तारी रोक दी है।
दिलीप के एक कथित ऑडियो क्लिप के आधार पर एक जांच अधिकारी द्वारा दायर एक शिकायत के बाद रविवार, 9 जनवरी को मामला दर्ज किया गया था। इस ऑडियो क्लिप को हाल ही में एक टीवी चैनल द्वारा जारी किया गया था जिसमें अभिनेता को कथित तौर पर अधिकारी पर हमला करने की साजिश करते हुए सुना गया था। अपनी अग्रिम जमानत याचिका में, एक्टर दिलीप ने दावा किया है कि नया केस यौन उत्पीड़न मामले में एक जांच अधिकारी की शिकायत पर दर्ज किया गया है क्योंकि अधिकारी ट्रायल के दौरान पूछताछ का सामना नहीं करना चाहता था।
निर्देशक बालचंद्र कुमार ने हाल ही में मीडिया के माध्यम से अभिनेत्री के साथ मारपीट मामले में दिलीप के खिलाफ कुछ चौंकाने वाले खुलासे किए थे, ने भी अपराध शाखा को कुछ साक्ष्यों के साथ बयान दिए थे। कुमार ने 25 नवंबर को केरल के मुख्यमंत्री कार्यालय में दिलीप के खिलाफ तीखे आरोप लगाते हुए एक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें कहा गया था कि वह मुख्य आरोपी पल्सर सुन्नी को आरोपी अभिनेता दिलीप के घर पर देखे जाने का चश्मदीद गवाह है।












Click it and Unblock the Notifications