केरल: नौकरानी का यौन शोषण करने के आरोप में घिरे नेता को कांग्रेस ने पार्टी से निकाला
नई दिल्ली। केरल में कांग्रेस के एक बड़े नेता ओम जॉर्ज (Om George) पर नौकरानी के साथ रेप करने का आरोप लगा है। इस घटना के खुलासे से हड़कंप मच गया है। पुलिस ने इस केस में पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, इस मामले में बवाल बढ़ता देख कांग्रेस ने वायानाड जिला कमेटी के सदस्य ओम जॉर्ज की पार्टी की प्राथमिक सदस्यता रद्द कर दी है। जबकि केस दर्ज करने के बाद पुलिस ओम जॉर्ज की तलाश कर रही है।

आरोप है कि ओम जॉर्ज ने डेढ़ साल तक इस युवती (नौकरानी) का यौन उत्पीड़न किया। फिलहाल युवती को शेल्टर होम में शिफ्ट कर दिया गया है और ओम जॉर्ज अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। पीड़िता मूल रूप से आदिवासी समुदाय की बताई जा रही है। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता ने खुदकुशी करने की कोशिश की। इसके बाद जब लड़की ने घरवालों को पूरी बात बताई तब जाकर ये मामला पुलिस के पास पहुंचा।
कांग्रेस नेता पर यौन शोषण का आरोप लगने के बाद पार्टी पर कार्रवाई करने का दबाव बन रहा था। इसको लेकर काफी विरोध भी देखने को मिला था। जबकि अन्य दलों ने भी पार्टी पर हमले शुरू कर दिए थे। जिसके बाद, कांग्रेस ने वायानाड जिला कमेटी के सदस्य ओम जॉर्ज की पार्टी की प्राथमिक सदस्यता रद्द कर दिया।
पीड़िता के परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने पीड़िता और उसके परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस के मुताबिक, ओम जॉर्ज ने पीड़ित परिवार के साथ बातचीत करके मामला रफा-दफा करने की कोशिश की थी।












Click it and Unblock the Notifications