केरल में थरूर को टक्कर दे सकती हैं सीतारमण, राज्य की 6 सीटों से कौन हो सकते हैं बीजेपी के चौंकाने वाले नाम?
केरल में लोकसभा की 20 सीटों में से बीजेपी फिलहाल 6 सीटों पर अपने मजबूत उम्मीदवारों को उतारने की तैयारियों में जुटी है। लेकिन, इसको लेकर अटकलों का बाजार अभी से गरम होने लगा है।
चर्चा है कि पार्टी केरल की इन सीटों पर कुछ बड़े चेहरों को उतारकर चौंका सकती है, जिनमें केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का नाम भी शामिल है। इनके अलावा दो और केंद्रीय मंत्रियों को भी केरल से टिकट दिए जाने की चर्चा हो रही है।

केरल में चौंकाने की तैयारी में बीजेपी!
निर्मला सीतारमण अभी राज्यसभा सांसद हैं और कहा जा रहा है कि बीजेपी उन्हें कांग्रेस सांसद शशि थरूर के मुकाबले तिरुवनंतपुरम सीट से चुनाव लड़ाने पर विचार कर सकती है। वहीं राजीव चंद्रशेखर को लेकर यह कहा जा रहा है कि वे पलक्कड़ में 'कमल' खिलाने की कोशिश कर सकते हैं। चंद्रशेखर केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी राज्यमंत्री हैं।
6 सीटों के लिए सामने आ रहे हैं कई नाम
वैसे पलक्कड़ में पार्टी के पास सी कृष्णाकुमार के जैसे मजबूत नेता पहले से हैं, तो हो सकता है कि चंद्रशेखर के लिए किसी दूसरी सी से भी विचार किया जाए। एक और केंद्रीय मंत्री जिनका नाम भी लोकसभा चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवार के तौर पर सामने आ रहा है, वे हैं- वी मुरलीधरन। पार्टी इन्हें अत्तिंगल सीट से उतार सकती है
पूर्व राज्यपाल से लेकर अभिनेता तक की चर्चा
वहीं बीजेपी की ओर से जो एक और बड़ा नाम अगले लोकसभा चुनाव के लिए सामने आ रहा है, उनमें मिजोरम के पूर्व राज्यपाल के राजशेखर शामिल हैं। 2019 में भी उन्हें उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा थी। इस बार कहा जा रहा है कि आरएसएस की ओर से उनका नाम आगे किया जा रहा है। उनके बारे में कहा जा रहा है कि वे पथानामथिट्टा से बीजेपी प्रत्याशी हो सकते हैं।
लेकिन, अगर लोकप्रिय अभिनेता उन्नी मुकुंदन चुनाव लड़ने के लिए राजी हो गए तो पथानामथिट्टा की सीट उन्हें भी दी जा सकती है। इस सीट के लिए जो एक और नाम सामने आ रहा है, वे हैं केरल में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के सुरेंद्रन का। इसी तरह से कासरगोड सीट के लिए पीके कृष्णादास या के श्रीकांत का नाम लिया जा रहा है।
केरल बीजेपी में हाल में एक बड़ी एंट्री हुई है। वे हैं पूर्व रक्षा मंत्री और दिग्गज कांग्रेस नेता एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी की। भाजपा उनका चुनावी प्रयोग एर्नाकुलम में कर सकती है। हालांकि, इस सीट से विनीता हरिहरन का भी नाम चल रहा है। जबकि, पार्टी किसी मजबूत सीट पर शोभा सुरेंद्रन को भी उतार सकती है, ऐसी चर्चा जारी है।












Click it and Unblock the Notifications