सबरीमाला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश का समर्थन करने वाले संत के आश्रम पर हमला, गाडि़यां फूंकी गईं
तिरुवनंतपुरम। सबरीमाला मंदिर में हर उम्र की महिलाओं के प्रवेश का समर्थन करने वाले संत संदीपानंद गिरी के आश्रम स्कूल ऑफ भगवत गीता में शुक्रवार देर रात करीब 2:30 बजे अज्ञात हमलावरों ने हमला किया। स्वामी संदीपानंद गिरी के आश्रम के सामने खड़ी दो कारों और एक स्कूटर को आग लगा दी गई। हमलावर आग लगाकर घटनास्थल से फरार हो गए। केरल के सीएम पिनराई विजयन ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया जताई है।

उन्होंने फेसबुक पोस्ट पर कहा है कि लोगों के विचार अलग हो सकते हैं, लेकिन किसी को भी कानून से खिलवाड़ करने की ज़रूरत नहीं है । सीएम विजयन के मुताबिक दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस बीच केरल के वित्त मंत्री टीएम थॉमस इसाक ने इस हमले के लिए संघ परिवार को ज़िम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा ''वो लोग कानून को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं।''
गौरतलब है कि पिछले महीने ही सुप्रीम कोर्ट ने सबरीमाला मंदिर में हर उम्र की महिलाओं को प्रवेश करने और पूजा करने की इजाजत दी। पहले यहां 10 साल की बच्चियों से लेकर 50 साल तक की महिलाओं के प्रवेश पर पाबंदी थी। यह प्रथा 800 साल से चली आ रही थी। सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर कर महिलाओं पर लगी पाबंदी को चुनौती दी गई थी। केरल सरकार मंदिर में महिलाओं के प्रवेश के पक्ष में थी। सबरीमाला मंदिर का संचालन करने वाला त्रावणकोर देवस्वम बोर्ड अब कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दायर करने की तैयारी में है।












Click it and Unblock the Notifications