'दिल्ली मेट्रो में छात्रों को मिले 50 % छूट, बस यात्रा भी बिल्कुल मुफ्त', केजरीवाल ने PM मोदी को लिखी चिट्ठी
Arvind Kejriwal: दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। सभी पार्टियां एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रही हैं, वहीं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक महत्वपूर्ण चिट्ठी लिखी है। केजरीवाल ने पीएम मोदी से दिल्ली मेट्रो में छात्रों के लिए 50 फीसदी छूट देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि केंद्र और दिल्ली सरकार मिलकर इस योजना का खर्च वहन करेंगी।
अरविंद केजरीवाल ने एक बयान में कहा, "महिलाओं के बाद अब हम छात्रों के लिए बस में मुफ्त यात्रा की घोषणा करेंगे। हम पहले ही केंद्र से मेट्रो में छात्रों के लिए मुफ्त यात्रा की मांग कर चुके थे।" केजरीवाल ने इस पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने का भी ऐलान किया है।

चिट्ठी में क्या लिखा है?
केजरीवाल ने अपनी चिट्ठी में लिखा, "दिल्ली के छात्र स्कूल या कॉलेज जाने के लिए मेट्रो पर बहुत निर्भर हैं। छात्रों पर वित्तीय बोझ को कम करने के लिए मैं दिल्ली मेट्रो में 50 फीसदी रियायत देने का प्रस्ताव रखता हूं। यह परियोजना दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार के बीच 50:50 सहयोग पर आधारित है, इसलिए इसका खर्च दोनों सरकारें आधा-आधा वहन करें। मुझे उम्मीद है कि आप इस प्रस्ताव से सहमत होंगे।"
जाट समाज को लेकर भी पीएम को लिखी थी चिट्ठी
इससे पहले, केजरीवाल ने दिल्ली के जाट समाज को केंद्र की ओबीसी सूची में शामिल करने की मांग को लेकर पीएम मोदी को चिट्ठी लिखी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने पिछले 10 सालों से जाट समाज को ओबीसी आरक्षण के नाम पर धोखा दिया है। गृह मंत्री अमित शाह ने 2019 में जाट समाज को ओबीसी लिस्ट में लाने का वादा किया था, लेकिन यह वादा पूरा नहीं हुआ। केजरीवाल ने कहा था कि ओबीसी सूची में शामिल न होने के कारण जाट समाज के हजारों बच्चों को दिल्ली यूनिवर्सिटी में दाखिला नहीं मिल पाता।
यह भी पढ़ें Fact Check: क्या राहुल गांधी ने लड़की के साथ किया गजब का डांस? जानिए वायरल वीडियो की सच्चाई












Click it and Unblock the Notifications