KBC में ऑपरेशन सिंदूर पर एपिसोड बनाने से यूजर्स नाराज, बताया बड़ी सफलता का छोटा मंच, लगाए गंभीर आरोप
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 'कौन बनेगा करोड़पति' (KBC) के स्पेशल एपिसोड में सेना की तीन महिला अधिकारी नजर आएंगी। इनमें कर्नल सोफिया कुरैशी (Colonel Sofiya Qureshi), विंग कमांडर व्योमिका सिंह (Wing Commander Vyomika Singh) और कमांडर प्रेरणा देवस्थली (Commander Prerna Deosthalee) शामिल हैं। इनकी मौजूदगी ने सोशल मीडिया पर एक नई बहस छेड़ दी है।
ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) पर खुलकर बात करने वाले इस प्रोमो के सामने आने के बाद कुछ लोगों ने इसे प्रेरणादायक माना, तो कई यूजर्स ने सरकार पर सेना को 'PR' और 'पॉलिटिकल माइलेज' के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।

ऑपरेशन सिंदूर के 'फ्रंटलाइन फेस' KBC पर
KBC के इस खास एपिसोड में कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह- जो ऑपरेशन सिंदूर के दौरान मीडिया ब्रीफिंग का चेहरा बनी थीं- अपने अनुभव शेयर करती दिखेंगी। इनके साथ इंडियन नेवी की कमांडर प्रेरणा देवस्थली भी मौजूद होंगी, जो पिछले साल युद्धपोत की कमान संभालने वाली पहली महिला अधिकारी बनी थीं।
KBC के प्रोमो में क्या दिखा?
प्रोमो में कर्नल कुरैशी कहती नजर आ रही हैं कि, 'पाकिस्तान लगातार ऐसे (आतंकी) हमले करता आया है। जवाब जरूरी था और इसी वजह से ऑपरेशन सिंदूर प्लान हुआ।' वहीं, विंग कमांडर सिंह मिशन की रफ्तार पर जोर देते हुए कहती हैं- रात को 1:05 बजे से 1:30 बजे तक, बस 25 मिनट में खेल खत्म कर दिया।'
सोशल मीडिया पर विवाद क्यों?
दरअसल, जैसे ही यह प्रोमो सोशल मीडिया पर आया आलोचनाओं का सिलसिला भी शुरू हो गया।
- यूनिफॉर्म में मौजूदगी पर सवाल- कई यूजर्स ने पूछा कि क्या आर्म्ड फोर्सेज प्रोटोकॉल के तहत यूनिफॉर्म पहनकर रियलिटी शो में जाना सही है।
- राजनीतिकरण का आरोप- कुछ लोगों ने कहा कि सेना के ऑपरेशन पर रियलिटी शो में चर्चा करना, खासतौर पर स्वतंत्रता दिवस के मौके पर, एक रणनीतिक जीत को 'ट्रिवियलाइज' (हल्का) करता है
- डॉक्यूमेंट्री फिल्म की मांग- कई ने सुझाव दिया कि अगर उद्देश्य जानकारी फैलाना है तो 2 घंटे की अच्छी तरह से बनाई गई डॉक्यूमेंट्री ज्यादा उपयुक्त होती।
यूजर्स के रिएक्शन
एक्स पर एक यूजर ने लिखा, 'ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी फैलाने के लिए केबीसी का मंच सही नहीं है! एक बड़ी रणनीतिक जीत को इस तरह कमजोर मत बनाइए! अगर यही उद्देश्य हो तो एक अच्छी तरह से बनाई गई 2 घंटे की डॉक्यूमेंट्री बेहतर होगी।
सपोर्ट में भी उतरे लोग
हालांकि, एक तबका इसे प्रेरणादायक पहल बता रहा है, जिससे आम दर्शकों को देश की महिला अधिकारियों की उपलब्धियों से जुड़ने का मौका मिलेगा। एक नवीन नाम के यूजर ने कहा, '15 अगस्त से बेहतर मौका नहीं हो सकता। जब लोहा गर्म होता है तभी हथौड़ा मारना ठीक है। पहलगाम हमले के बाद भी हमने यही किया।'
KBC का इंडिपेंडेंस डे स्पेशल एपिसोड
केबीसी 17 की शुरुआत 11 अगस्त 2025 (सोमवार) से हो चुकी है और इसी बीच 15 अगस्त 2025 (शुक्रवार) को प्रसारित होने वाले इंडिपेंडेंस डे स्पेशल एपिसोड की झलक ने फैंस का रोमांच और ज्यादा बढ़ा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications