इस हफ्ते गिरफ्तार होंगे कश्मीर के अलगाववादी नेता शब्बीर शाह!
श्रीनगर। कश्मीर में अलगाववादी नेता शब्बीर शाह को जल्द गिरफ्तार किया जा सकता है। शाह के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गैर-जमानती वारंट जारी किया है। शब्बीर शाह पर पाकिस्तान से हवाला के जरिए पैसे हासिल करने का आरोप है। पिछले कुछ दिनों से राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और ईडी की ओर से कश्मीर के अलगाववादी नेताओं की जांच चल रही है। इसी जांच प्रक्रिया के तहत जम्मू कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) के मुखिया यासीन मलिक को भी गिरफ्तार किया था।

शाह के खिलाफ गैर जमानती वारंट
ईडी ने शाह के खिलाफ तब गैर-जमानती वारंट हासिल किया जब उन्होंने आठ मौकों पर ईडी की ओर से भेजे गए समन को मानने से इनकार कर दिया। ईडी के एक आफिसर की ओर से बताया कि शब्बीर शाह को एजेंसी के सामने पेश होने के कई मौके दिए गए थे और उनका केस आगे बढ़ाया गया था। इस ऑफिसर की ओर से इस बात की जानकारी भी दी गई कि शाह पर आरोप है कि उन्होंने दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में संपत्ति हासिल की। जांच में पाया गया कि इस प्रॉपर्टी को जिस रकम से खरीदा गया उसका कोई हिसाब नहीं था। जब उनसे पैसे के स्त्रोत के बारे में पूछताछ की गई और जांच में शामिल होने को कहा गया, उन्होंने साफ इनकार कर दिया।
पाकिस्तान से शब्बीर के लिए आती रकम
दिल्ली पुलिस ने एक हवाला डीलर के गिरफ्तार होने के बाद वर्ष 2005 में उनके खिलाफ केस दायर किया था। इस हवाला डीलर ने पुलिस को बताया था कि उसके पास से जो 63 लाख रुपए बरामद हुए थे, उन्हें श्रीनगर में शाह को देना था।पिछले दिनों एनआईए ने अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी और उनकी पार्टी तहरीक-ए-हुर्रियत पार्टी के तीन नेताओं को गिरफ्तार किया था। जो तीन लोग गिरफ्तार हुए थे उनमें गिलानी का पीआरओ अयाज अकबर, दामाद अल्ताफ फंटूश और मेहराजदिन कलवल शामिल थे और ये सभी नेता गिलानी के काफी करीब हैं।












Click it and Unblock the Notifications