Karur Stampede Controversy: 'मुझसे बदला लो उनको मत छेड़ो', एक्टर विजय ने CM स्टालिन को क्यों दे डाली चेतावनी?
Karur Stampede Controversy: करूर हादसे ने तमिलनाडु की राजनीति में नया तूफान खड़ा कर दिया है। अभिनेता से नेता बने और तमिलागा वेट्ट्री कझगम (TVK) के प्रमुख विजय के सख्त बयान ने सीधे मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
विजय ने अपने वीडियो संदेश में न सिर्फ करूर भगदड़ को लेकर सरकार की जवाबदेही पर सवाल उठाए, बल्कि कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को राजनीतिक बदले की कार्रवाई करार दिया। इस पूरे घटनाक्रम ने तमिलनाडु की सियासत में हादसे बनाम सियासत की जंग को और भी तीखा कर दिया है।

बता दें कि 27 सितंबर को करूर में विजय की चुनावी रैली के दौरान हुए भगदड़ में 41 लोग मारे गए, जबकि कई अन्य घायल हुए। यह घटना सबसे दर्दनाक पलों में से एक मानी जा रही है। विजय ने इस दुखद घटना के बारे में कहा, "मैंने अपने जीवन में इतनी पीड़ा कभी महसूस नहीं की। मेरा दिल केवल दर्द से भरा है।" उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की और घायल लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
पुलिस ने TVK कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया
इस घटना के बाद TVK के करूर पश्चिम जिला सचिव माथियाज़ागन और करूर टाउन कार्यकर्ता पौन राज को सोमवार रात पुलिस ने गिरफ्तार किया। पौन राज को अब 14 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उनके अलावा एक यूट्यूबर और पत्रकार को भी इस मामले में हिरासत में लिया गया।
विजय ने कहा कि उनके और पार्टी कार्यकर्ताओं ने सिर्फ निर्धारित स्थान पर रैली आयोजित की थी और अन्य किसी भी अनुचित गतिविधि में उनका कोई हाथ नहीं था। इसके बावजूद उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई और सोशल मीडिया पर उनके समर्थकों और मित्रों के खिलाफ भी मामले दर्ज किए गए।
विजय ने अपने वीडियो मैसेज में क्या कहा?
वीडियो संदेश में विजय ने मुख्यमंत्री स्टालिन से आग्रह किया, "CM सर, अगर आप किसी प्रकार का बदला लेना चाहते हैं, तो मुझसे लें, मेरे पार्टी कार्यकर्ताओं को मत छेड़ें। सच्चाई जल्द ही सामने आएगी।" उन्होंने यह भी कहा कि उनका प्राथमिक उद्देश्य हमेशा जनता की सुरक्षा और उनके हित को सुनिश्चित करना रहा है।
विजय ने कहा कि रैलियों में आने वाले लोग हमेशा उनके प्रति प्रेम और सम्मान दिखाते हैं, और उनकी सुरक्षा उनकी किसी भी राजनीतिक रणनीति या महत्वाकांक्षा से ऊपर है। उन्होंने घटना के दौरान घायल और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि यह समय राजनीति से ऊपर उठकर समानुभूति और जिम्मेदारी का है।
करूर स्टैम्पीड की घटना ने तमिलनाडु की राजनीति में सख्त बहस और तनाव उत्पन्न कर दिया है। विजय ने मुख्यमंत्री को स्पष्ट रूप से संदेश दिया कि पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और दोषियों को उजागर किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications