करतारपुर कॉरिडोर खोलने को भाजपा सांसद ने बताया खतरनाक कदम, हरसिमरत कौर के पाक जाने पर उठाए सवाल
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने पाकिस्तान के साथ करतारपुर कॉरिडोर खोले जाने के सरकार के फैसले पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि ये एक खतरनाक कदम है और भविष्य में इसका गलत इस्तेमाल होगा। वहीं पाकिस्तान जाकर शिलान्यास में भाग लेने के भारत सरकार के दो मंत्रियों के कदम को भी स्वामी ने गलत कहा है। पंजाब के गुरुदासपुर में आज (सोमवार) उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने करतारपुर गलियारे का शिलान्यास किया है। पाक में बुधवार को इमरान खान इसकी बुनियाद का पत्थर रखेंगे। इस गलियारे से करतारपुर साहिब जाने के लिए वीजा की जरूरत नहीं होगी।

भाजपा सांसद का कहना है कि इस कॉरिडोर के जरिए जाने के लिए सिर्फ पासपोर्ट दिखा देना काफी नहीं है, नकली पासपोर्ट चांदनी चौक पर 250 रुपए में बन जाता है। इस कॉरिडोर से जाने के लिए छह माह पहले रजिस्ट्रेशन हो और इस बात का ध्यान रख जाए कि पाकिस्तान की ओर से लोग इससे ना आएं। स्वामी ने कहा, सरकार के मंत्रियों का पाक जाकर इस गलियारे के शिलान्यास कार्यक्रम में शिरकत करना बिल्कुल ठीक नहीं है, कम से कम हरसिमरत कौर को तो नहीं जाना चाहिए क्योंकि वो पहले इसके विरोध में थीं।
भारत सरकार ने डेरा बाबा नानक से अंतरराष्ट्रीय सीमा तक एक कॉरिडोर बनाने की घोषणा की है ताकि सिख श्रद्धालु गुरु नानक की कर्मस्थली करतारपुर गुरुद्वारे के दर्शन कर सकें। वहीं पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने कहा कि वो बाबा गुरु नानक के 550 प्रकाश पर्व पर पहले ही कॉरिडोर बनाने की घोषणा कर चुके हैं।
डेरा बाबा नानक से लेकर अंतरराष्ट्रीय सीमा तक गुरुद्वारा दरबार सिंह करतारपुर साहिब के लिए कॉरिडोर बनाया जायेगा। पाकिस्तान में रावी नदी के किनारे मौजूद करतारपुर साहेब में गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन के 18 साल बिताए थे। माना जाता है कि करतारपुर में जिस जगह गुरु नानक देव की मौत हुई थी वहां पर गुरुद्वारा बनाया गया था। गुरुद्वारा दरबार साहिब करतारपुर पाकिस्तान के नारोवाल जिले में है। ये गुरुद्वारा भारत की सीमा से करीब तीन किलोमीटर दूर है।
पाकिस्तान में प्रधानमंत्री इमरान खान के शपथ ग्रहण में पहुंचे नवजोत सिंह सिद्धू से मुलाकात के दौरान पाकिस्तान के सेना प्रमुख जरनल कमर जावेद बाजवा ने करतारपुर कॉरिडोर खोलने का भरोसा दिलाया था।












Click it and Unblock the Notifications