करणी सेना फिर 'रंग' में, राजस्थान की शिक्षामंत्री को दी नाक-कान काटने की धमकी
जयपुर। राजपूत करणी सेना ने राजस्थान सरकार में मंत्री किरण माहेश्वरी को नाक-कान काटने की धमकी दी है। किरण माहेश्वरी राज्य में शिक्षा मंत्री हैं। करणी सेना का आरोप है कि किरण ने राजपूतों की तुलना चूहों से की है, जिसे वो बर्दाश्त नहीं करेंगे। करणी सेना ने किरण से बिना शर्त तुरंत माफी मांगने या फिर अंजाम भुगतने की धमकी दी है।

सोमवार को पत्रकारों ने किरण माहेश्वरी से अगले विधानसभा चुनावों में सर्व राजपूत समाज संघर्ष समिति के भाजपा के खिलाफ प्रचार करने के फैसले पर सवाल किया था, इस पर माहेश्वरी ने तंजिया लहजे में कहा था कि कुछ बरसाती चूहे हैं, जो चुनाव के समय बिलों से निकल आते हैं। हालांकि किरण ने बाद में इस पर सफाई देते हुए कहा कि उनका इशारा कि विशेष जाति या समुदाय विशेष की ओर नहीं था।
मंगलवार को बैठक के बाद करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष महिपाल मकराना ने एक वीडियो जारी कर कहा कि राजस्थान में राजपूत समुदाय के समर्थन की वजह से ही भाजपा मजबूत है। पिछले विधानसभा चुनावों में माहेश्वरी ने इन्हीं 'चूहों' के दम पर चुनाव जीता था और अब आगामी चुनावों में हम उन्हें सबक सिखाएंगे। कांग्रेस ने भी माहेश्वरी के बयान को गलत बताया है और इसकी निंदा की है। आपको बता दें कि फिल्म पद्मावत में रानी पद्मावती का किरदार निभाने को लेकर भी करणी सेना ने दीपिका पादुकोण की नाक काटने की धमकी दी थी।












Click it and Unblock the Notifications