भाजपा का कांग्रेस और जेडीएस पर तीखा हमला, बंडी संजय ने हिंदू संस्कृति के अपमान का आरोप लगाया
karnataka vidhansabha chunav 2023 में बीजेपी के समर्थन में प्रचार करने तेलंगाना के पार्टी प्रमुख कोलार पहुंचे। उन्होंने रैली में कांग्रेस-जेडीएस समेत बीआरएस पर तीखा हमला बोला।

Karnataka Assembly Election 2023 में धर्म, आरक्षण, कन्नड़ संस्कृति समेत कई स्थानीय मुद्दों पर बयानबाजी हो रही है। तेलंगाना से कर्नाटक पहुंचे बीजेपी नेता बंडी संजय ने भी चुनाव प्रचार के दौरान सनातन धर्म का जिक्र किया।
कोलार में तेलंगाना भाजपा प्रमुख बंडी संजय ने चुनावी रैली के दौरान कहा, कर्नाटक में भाजपा की सरकार बननी चाहिए। ऐसा नहीं होने पर प्रदेश में विकास रुक जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कर्नाटक के विकास के लिए पैसे खर्च नहीं करेगी।
उन्होंने कहा, अगर सरकार कांग्रेस के हाथ में चली गई तो वे कर्नाटक को एटीएम की तरह इस्तेमाल करेंगे। वे कर्नाटक के पैसे का उपयोग एटीएम के रूप में उन राज्यों को वितरित करने के लिए करेंगे जहां चुनाव हो रहे हैं।
कर्नाटक चुनाव2023 के लिए प्रचार के अंतिम हफ्ते में सत्तारूढ़ भाजपा, कांग्रेस और जनता दल सेकुलर (जेडीएस) के नेता पूरी ताकत से जनता को लुभाने की कोशिशों में जुटे हैं। इसी सिलसिले में दूसरे राज्यों के बड़े नेता भी कर्नाटक का दौरा कर रहे हैं।
चुनाव प्रचार के सिलसिले में ही शनिवार को तेलंगाना भाजपा प्रमुख बंडी संजय भी कर्नाटक पहुंचे। कोलार में जनता से भाजपा को वोट करने की अपील करते हुए संजय ने हिंदू संस्कृति के अपमान का भी आरोप लगाया।
उन्होंने विपक्षी दलों को टारगेट करते हुए कहा, इस तरह का व्यवहार कर रहे हैं जो 'हिंदू सनातन धर्म' और 'हिंदू संस्कृति' का अपमान करता है ... किसी को भी 10 मई तक सोना नहीं चाहिए।
बकौल बंडी संजय, "हमें सोना नहीं चाहिए साथ ही कांग्रेस और जेडीएस को भी सोने नहीं देना चाहिए।" उन्होंने तेलंगाना के सीएम और भारत राष्ट्र समिति (BRS) प्रमुख के चंद्रशेखर राव (केसीआर) पर भी अटैक किया।
संजय ने कहा, केसीआर ने कांग्रेस और जेडीएस को पैसा दिया। पैसे बांट रहे हैं। कांग्रेस पैसे में विश्वास करती है, लेकिन भाजपा लोगों पर विश्वास करती है। बता दें कि बीआरएस कर्नाटक में जेडीएस को सपोर्ट कर रही है।
गौरतलब है कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के लिए मतदान आगामी 10 मई को होना है। चुनाव के नतीजों की घोषणा 13 मई को होगी। 224 सीटों वाली विधानसभा में बीजेपी को कांग्रेस से कड़ी चुनौती मिल रही है।












Click it and Unblock the Notifications