Karnataka:अंडरवर्ल्ड डॉन मुथप्पा राय के बेटे को अज्ञात हमलावरों ने गोली मारी, जानिए कैसी है हालत?
Karnataka: दिवंगत अंडरवर्ल्ड डॉन एन मुथप्पा राय के बेटे रिकी राय को कर्नाटक के बिदादी में उनके घर के पास अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। यह घटना रात 1 से 1:30 बजे के बीच हुई जब वह बेंगलुरु जा रहे थे। रिकी का फिलहाल बेंगलुरु के मनिपाल अस्पताल में इलाज चल रहा है। कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने घटना की पुष्टि की है और पुलिस से विस्तृत जानकारी मांगी है।
उन्होंने मीडिया को बताया कि' घटना रात 1:30 या 2 बजे हुई। मैंने विस्तृत जानकारी मांगी है। उसे (रिकी) मनिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मुझे बताया गया है कि वह खतरे से बाहर है। पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात करके घटनास्थल पर जांच शुरू कर दी है।"

रिकी और उसका ड्राइवर दोनों घायल हो गए
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, अज्ञात व्यक्तियों ने रिकी की गाड़ी पर तीन राउंड फायरिंग की। एक गोली ड्राइवर की सीट को चीरती हुई निकल गई, जिससे रिकी और उसका ड्राइवर दोनों घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों की नाक और हाथ में चोट लगने के बाद वे खतरे से बाहर हैं।
रिकी को पहले बिदादी के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया था लेकिन वहां स्थिति संभली नहीं तो उसे मनिपाल अस्पताल में एडमिट किया गया। उसके ड्राइवर की शिकायत के आधार पर मुथप्पा राय की दूसरी पत्नी अनुराधा, व्यवसायी राकेश मल्ली और निकेतन ट्रस्ट के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
रामनगर के पुलिस अधीक्षक आर श्रीनिवास गौड़ा ने कहा, "हमने एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच जारी रखी है।" पुलिस संदिग्धों की पहचान करने और घटनाक्रम को समझने के लिए इलाके के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। गोलीबारी में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए टीमें गठित की गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications