Karnataka Elections 2023: 'कांग्रेस को जिताएं वरना...' राहुल गांधी ने चुनाव प्रचार में क्यों कहा ऐसा?
राहुल गांधी बोले- कांग्रेस को 150 सीटों पर जिताएं, वरना बीजेपी फिर से विधायक खरीदेगी और सत्ता में आ सकती है।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए राज्य भर में मतदान 10 मई को होगा। इसके पहले प्रदेश के प्रमुख राजनीतिक दल भाजपा कांग्रेस और जनता दल एस आखिरी चरण के चुनाव प्रचार में आक्रामक प्रचार करने में जुटे हुए हैं।
कर्नाटक की सत्ता में सरकार बनाने का दावा करते हुए कांग्रेस पार्टी के स्टार प्रचारक राज्य में चुनावी दौरे, रैलियां और जनसभाएं कर रहे हैं। वहीं सोमवार को कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कर्नाटक में तीन जगहों पर जाकर कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार करते हुए वर्तमान भाजपा सरकार पर जमकर प्रहार किया।
राहुल गांधी ने सोमवार को तुमकुरु, हासन और चामराजनगर में पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया। राहुल ने राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी 40 सीट पाने के लिए भी संघर्ष करेगी।
भाजपा के लिए 40 नंबर उपयुक्त है
कांग्रेस नेता राहुल ने कहा भाजपा के लिए 40 नंबर उपयुक्त है। आने वाले चुनाव में बीजेपी को सिर्फ 40 सीटें दें। इसके साथ ही उन्होंने कहा 2018 में बीजेपी को जरूरी सीटें नही मिली थीं, लेकिन उसने पैसे से विधायक खरीदे।
कांग्रेस को 150 सीटें दें, वरना...
जेडीएस के गढ़ माने जाने वाले हासन जिले के अरसीकेरे में एक रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने आगे कहा मैं आपसे कांग्रेस को 150 सीटें देने का अनुरोध करता हूं, वरना बीजेपी फिर से विधायक खरीदेगी और सत्ता में आ सकती है और कमीशन को 40 से 60 फीसदी तक बढ़ा सकती है।
40 प्रतिशत कमीशन देना आम बात है
तुमकुरु जिले के तुरुवेकेरे में मेगा रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने ठेकेदारों के संघ द्वारा कर्नाटक की भाजपा सरकार पर लगाए गए 40 प्रतिशत कमीशन के आरोपों में कथित निष्क्रियता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कर्नाटक की जनता ने कर्नाटक में बीजेपी सरकार को 40 फीसदी कमीशन वाली सरकार करार दिया है। यहां पर हर काम के लिए सरकार को 40 प्रतिशत कमीशन देना आम बात है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि पीएसआई भर्ती घोटाले के हर चरण में भ्रष्टाचार हुआ है। बीजेपी के एक विधायक ने कहा है कि वह 2500 करोड़ रुपये देकर मुख्यमंत्री बन सकते हैं । ऐसा नहीं है कि पीएम मोदी को इसके बारे में पता नहीं है, वह यह जानते हैं लेकिन वह चुप हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
लाखों लोगों को बेरोजगारी की ओर धकेल दिया
कांग्रेस के पूर्व सांसद राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर हमला करते हुए देश में बेरोजगारी में कथित वृद्धि के लिए पीएम को जिम्मेदार ठहराया। प्रधानमंत्री ने लाखों लोगों को बेरोजगारी की ओर धकेल दिया है।
कांग्रेस के सत्ता में आते ही हम बेरोजगार युवाओं को मानदेय देंगे
राज्य में कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद हम बेरोजगार युवाओं को मानदेय देंगे। सत्ता में आने के बाद बुलाई गई पहली कैबिनेट बैठक में हम किसानों को 30 हजार करोड़ रुपये आवंटित करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications