Karnataka polls: कर्नाटक में भाजपा को रोकने के लिए कांग्रेस जारी करेगी 35 घोषणा पत्र
नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस अपनी सत्ता को बचाए रखने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। इसके लिए वह हर संभव वह कोशिश कर रही है जिससे कि मतदाताओं को अपनी ओर लुभाया जा सके। इसी लक्ष्य को हासिल करने के लिए पार्टी ने कर्नाटक के लिए 35 चुनावी घोषणा पत्र जारी करने का फैसला लिया है, जिसमे प्रदेश भर के लोगों की मांगों और जरूरतों का खयाल रखा जाएगा। यह घोषणा पत्र प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्र के आधार पर तैयार किया गया है।

कर्नाटक के 30 जिलों का कांग्रेस ने अलग चुनावी घोषणा पत्र जारी करने का फैसला लिया है। साथ ही कर्नाटक की प्रशासनिक व्यवस्था को देखते हुए चार प्रशासनिक क्षेत्र के आधार पर चार घोषणा पत्र जारी किए जाएंगे जबकि एक घोषणा पत्र पूरे राज्य के लिए तैयार किया जाएगा। जिसे लोगों के बीच रखा जाएगा। यह घोषणा पत्र पार्टी की ओर से एक साथ दो हफ्ते के भीतर जारी किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस रणनीति से कांग्रेस प्रदेश के हर हिस्से में लोगों को अपनी ओर करने की कोशिश कर रही है।
आपको बता दें कि कर्नाटक में 12 मई को विधानसभा चुनाव होना है, जबकि 15 मई को चुनाव के नतीजे आएंगे। कर्नाटक में विधानसभा की कुल 224 सीटें हैं, ऐसे में कांग्रेस सभी सीटों पर अपनी पकड़ को मजबूत करना चाहती है। पार्टी के घोषणा पत्र का प्रारूप पहले ही तैयार किया जा चुका है, जिसे वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरप्पा मोईली की अध्यक्षता वाली कमेटी ने तैयार किया है। इस घोषणा पत्र में मुख्य रूप से महिलाओं, रोजगार, विकास को मुद्दा बनाया गया है, साथ ही तमाम अहम मुद्दों को भी इसमे जगह दी गई है।
इसे भी पढ़ें- सिद्धारमैया के हाथ में नींबू पर बीजेपी ने साधा निशाना तो सीएम ने किया पलटवार












Click it and Unblock the Notifications