Karnataka: तेजस्वी सूर्या का नाम बीजेपी के स्टार प्रचारकों में नहीं, कांग्रेस ने बताया 'नफरती चिंटू'
Karnataka assembly elections: बीजेपी के स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी हो गई है, लेकिन उसमें तेजस्वी सूर्या जैसे कई नेताओं का नाम शामिल नहीं है।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने बुधवार को अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह समेत 8 कैबिनेट मंत्रियों, तीन राज्यों के मुख्यमंत्रियों और कई वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं। अब इस लिस्ट को लेकर भी कर्नाटक की सियासत गर्मा गई है।
दरअसल इस लिस्ट से बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या, प्रताप सिम्हा और पूर्व सीएम बी.एस. येदियुरप्पा के बेटे बी.वाई. विजयेंद्र का नाम गायब है। सूर्या जहां युवा मोर्चा के अध्यक्ष हैं, तो सिम्हा अपनी तेजतर्रार हिंदुत्व राजनीति के लिए जाने जाते हैं।
वैसे बीजेपी नेता इसे आम बात कह रहे। उनका मानना है कि सूर्या का नाम लिस्ट से गायब होना उनके प्रति नकारात्मक बात नहीं है। वो अपने निर्वाचन क्षेत्र और बेंगलुरु में ज्यादा ध्यान केंद्रित करेंगे। इस वजह से उनका नाम स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल नहीं किया गया। हालांकि वो त्रिपुरा जैसे कुछ राज्यों में पार्टी के स्टार प्रचारक थे।
वहीं विजयेंद्र का नाम कटने पर बीजेपी के सूत्रों ने कहा कि पार्टी का एक वर्ग नहीं चाहता कि कर्नाटक में दूसरे येदियुरप्पा फिर से बनें। ऐसे में उनकी विरासत को देखते हुए भी उन्हें केवल शिकारीपुरा तक सीमित रखा गया।
कांग्रेस ने कसा तंज
वहीं दूसरी ओर सूर्या का नाम कटते ही कांग्रेस ने इस मुद्दे को लपक लिया। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने ट्वीट कर लिखा कि कांग्रेस को ज्ञान बांटने वाले महानुभावों, एक नजर बीजेपी की कर्नाटक स्टार प्रचारक की सूची पर भी तो डालिए।
उन्होंने आगे लिखा कि सिर्फ स्वघोषित टाइगर श्रीमंत सिंधिया ही नहीं, बेंगलुरु के सांसद और भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष श्रीमान तेजस्वी 'इमरजेंसी exit' सूर्या भी लिस्ट से नदारद हैं। नफरती चिंटू का अपने ही राज्य में कोई पुच्छत्तर नहीं है। चने की झाड़ पर से उतर आओ अब।
गलती से खोला था आपातकालीन दरवाजा
आपको बता दें कि पिछले साल दिसंबर में तेजस्वी सूर्या का नाम एक बड़े विवाद से जुड़ गया था। वो इंडिगो की फ्लाइट से चेन्नई जा रहे थे। तभी उन्होंने विमान का आपातकालीन दरवाजा खोल दिया। बाद में उन्होंने इसको लेकर माफी भी मांगी, लेकिन फ्लाइट इस घटना की वजह से लेट हो गई। उसी को लेकर अब कांग्रेस ने उन पर तंज कसा है।












Click it and Unblock the Notifications