कर्नाटक से कांग्रेस के इकलौते सांसद ने की 'अलग देश' की मांग, जानिए बचाव में पार्टी की क्या है दलील?
कर्नाटक से कांग्रेस के इकलौते लोकसभा सांसद डीके सुरेश कुमार ने देश की अखंडता को चुनौती देने वाला एक बहुत ही भड़काऊ बयान दिया है। उन्होंने केंद्र से राज्य को पर्याप्त फंड नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए दक्षिण भारत के लिए 'अलग देश' की मांग कर दी है।
संसद में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से पेश किए गए केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया है कि 'दक्षिण भारत के साथ अन्याय किया जा रहा है।'

दक्षिण भारत के साथ अन्याय का किया दावा
बैंगलोर दक्षिण लोकसभा क्षेत्र से सांसद डीके सुरेश ने दावा किया कि, 'जो फंड दक्षिण तक पहुंचनी चाहिए थी, उसे उत्तर भारत में आवंटित किया जा रहा था...।'
कांग्रेस सांसद ने दक्षिण भारत के लिए 'अलग देश' की कर दी मांग
कांग्रेस सांसद यहां तक बोल गए कि 'हिंदी (भाषी) क्षेत्र ने दक्षिण भारत के लिए जो स्थिति पैदा की है, उसकी वजह से' 'अलग देश' मांगने के अलावा कोई चारा नहीं है।
उत्तर और दक्षिण को विभाजित करना चाहते हैं- तेजस्वी सूर्या
कांग्रेस सांसद के इस बेहद विवादास्पद बयान पर भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने प्रतिक्रिया में कहा है,'हालांकि, बांटो और राज करो कांग्रेस पार्टी का इतिहास रहा है, इसके सांसद डीके सुरेश ने एक बार फिर से यह ट्रिक अपनाया है, उत्तर और दक्षिण को विभाजित करना चाहते हैं।'
सूर्या ने आंकड़ों के हवाले से दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली एनडीए सरकार के दौरान कैसे कर्नाटक को टैक्स का पैसा दिया गया है।
कांग्रेस के विचार उपनिवेशवादियों से भी खराब हैं- बीजेपी सांसद
उन्होंने कहा कि 'एक तरफ उनके नेता राहुल गांधी अपने 'जोड़ो' यात्राओं से देश को 'एकजुट' करने की कोशिश कर रहे हैं। दूसरी तरफ हमारे पास एक सांसद हैं, जो देश को तोड़ने पर तुले हुए हैं। कांग्रेस का फूट डालो और राज करो का विचार उपनिवेशवादियों की सोच से कहीं ज्यादा खराब है।'
'कन्नड़वासी कभी भी ऐसा नहीं होने देंगे'
बीजेपी सांसद ने कहा, 'कन्नड़वासी कभी भी ऐसा नहीं होने देंगे। लोकसभा चुनाव में हम उन्हें करारा जवाब देंगे और सुनिश्चित करेंगे कि कांग्रेस मुक्त भारत सफल हो...।'
कर्नाटक के एक और बीजेपी नेता आर अशोक ने भी कहा है, 'एक तरफ राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं और कर्नाटक के कांग्रेस नेता और सांसद डीके सुरेश भारत तोड़ने की बात कर रहे हैं। कांग्रेस के इस फूट डालो और राज करो नीति की वजह से देश पहले ही एक बार विभाजन देख चुका है और वे फिर से भारत के विभाजन की बात कर रहे हैं।'
कांग्रेस ने अपने सांसद को बचाने के लिए दी ये दलील
उन्होंने यह भी कहा है कि जिस सांसद ने देश की अखंडता और संप्रभुता की शपथ ली है, वह देश को बांटने जैसी बातें कर रहे हैं। लेकिन, कर्नाटक में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने यह कहकर डीके सुरेश को बचाने की कोशिश की है कि उन्होंने 'लोगों की राय' जाहिर की है।
उन्होंने सिर्फ जनता की राय जाहिर की है- डीके शिवकुमार
डीके सुरेश डिप्टी सीएम के भाई भी हैं। अपने भाई को बचाते हुए कांग्रेस नेता ने कहा है, 'मैं अखंड भारत के पक्ष में हूं। उन्होंने सिर्फ जनता की राय जाहिर की है। जनता इसी तरह से सोच रही है, क्योंकि उनकी उपेक्षा हो रही है।'
कांग्रेस नेता ने कहा, 'देश एक है। क्योंकि, लोगों के साथ अन्याय हुआ है, उन्होंने (सुरेश) वैसा कहा है। भारत को एकजुट और एक रहना चाहिए। हम सब एक हैं। कश्मीर से कन्याकुमारी तक हम एक हैं। प्रत्येक गांव को न्याय मिलनी चाहिए।'












Click it and Unblock the Notifications