कर्नाटक: येदियुरप्पा चुने गए श्रेष्ठ विधायक, ओम बिरला ने भेंट की ट्रॉफी
बेंगलुरु, सितंबर 24: पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को कर्नाटक विधानसभा द्वारा वर्ष 2020-21 का सर्वश्रेष्ठ विधायक नामित किया गया है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बीएसवाई को स्मृति चिन्ह भेंट किया। इससे पहले आज, कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी ने घोषणा की कि लोकसभा और राज्यसभा में प्रतिवर्ष दिए जाने वाले सर्वश्रेष्ठ सांसद पुरस्कार की तर्ज पर कर्नाटक में भी इस वर्ष से विधानसभा के सदस्यों को सर्वश्रेष्ठ विधायक का पुरस्कार मिलेगा।

हर साल, एक विधायक को पुरस्कार के लिए चुना जाएगा और उन्हें विधान सौध के प्रतीक चिन्ह के साथ एक प्रमाण पत्र और एक रजत पदक मिलेगा। द हिंदू की एक रिपोर्ट के अनुसार, विधानसभा अध्यक्ष की अध्यक्षता वाली छह सदस्यीय समिति, जिसमें डिप्टी स्पीकर, राज्य के मुख्यमंत्री, विपक्ष के नेता, कानून और संसदीय कार्य मंत्री, और अध्यक्ष द्वारा बोर्ड के सदस्यों के रूप में नामित एक सदस्य सर्वश्रेष्ठ विधायक का चयन करेंगे।
इस पुरस्कार के लिए अपने संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में योगदान, एक विधायक के रूप में समग्र अनुभव, सदन में वाद-विवाद कौशल, जनहित से जुड़े मुद्दों में रुचि, सदन में उठाए गए मुद्दे, कन्नड़ का ज्ञान और साथी विधायकों के साथ व्यवहार कुछ पात्रता मानदंड हैं। शुक्रवार को राज्य विधानसभा में येदियुरप्पा को लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला, स्पीकर हेगड़े व अन्य नेताओं की मौजूदगी में यह सम्मान प्रदान किया गया।
इससे पहले दिग्गज भाजपा नेता बीएस येदियुरप्पा ने पार्टी के नेताओं को अति आत्मविश्वास से बचने की नसीहत दी है। रविवार को एक कार्यक्रम में उन्होंने पार्टी के अपने साथियों को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें विपक्ष को हल्के में नहीं लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में विपक्ष को कमजोर नहीं आंका जा सकता। बीजेपी की कोर कमिटी की मीटिंग में येदियुरप्पा ने कहा, 'आप सभी के लिए मेरा एक सुझाव है। आपमें से किसी को भी विपक्ष को हल्के में नहीं लेना चाहिए। उनके अपने समीकरण और ताकत हैं।'












Click it and Unblock the Notifications