कर्नाटक: प्रज्वल रेवन्ना के भाई सूरज के दामन पर भी उत्पीड़न के दाग! गिरफ्तार, दादा-चाचा रहे हैं Ex PM और CM
Suraj Revanna Arrested: कर्नाटक पुलिस ने शनिवार को जनता दल (सेक्युलर) के विधान परिषद सदस्य (MLC) सूरज रेवन्ना पर पार्टी कार्यकर्ता के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने का मामला दर्ज किया। सूरज रेवन्ना को हसन के सीईएन पुलिस स्टेशन में पूछताछ के लिए लाया गया, जो कई घंटों तक चली। बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
27 वर्षीय पार्टी कार्यकर्ता ने आरोप लगाया है कि सूरज रेवन्ना ने 16 जून को होलेनरसीपुरा तालुका के घन्नीकाडा स्थित अपने फार्म हाउस में उसके साथ दुष्कर्म किया। सूरज रेवन्ना पर आईपीसी की धारा 377 (अप्राकृतिक यौन संबंध) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

रेवन्ना के सहयोगी ने पार्टी कार्यकर्ता के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा
सूरज रेवन्ना के सहयोगी शिवकुमार ने शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसमें कहा गया कि उसने और उसके रिश्तेदार ने जेडी(एस) एमएलसी से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि दोनों ने धमकी दी कि अगर उन्होंने उनकी मांग पूरी नहीं की, तो वे नेताओं के खिलाफ यौन उत्पीड़न का झूठा मामला दर्ज करा देंगे। शिवकुमार ने एफआईआर में दावा किया कि शिकायतकर्ता ने बाद में अपनी मांग 5 करोड़ रुपये से घटाकर 2 करोड़ रुपये कर दी।
क्या कहा शिकायत में?
शिवकुमार की शिकायत के अनुसार, जेडी(एस) कार्यकर्ता ने छह महीने पहले और फिर जून में सूरज से नौकरी की मांग करते हुए मुलाकात की थी। यह धमकी तब दी गई, जब एमएलसी ने कहा कि फिलहाल उनके लिए उस व्यक्ति को नौकरी दिलाने में मदद करना संभव नहीं होगा, लेकिन भविष्य में इस पर विचार किया जा सकता है। पुलिस ने शिकायतकर्ता और उसके रिश्तेदार के खिलाफ भी जबरन वसूली के कथित प्रयास का मामला दर्ज किया है।
कानूनी शिकंजे में रेवन्ना परिवार
रेवन्ना का छोटा भाई प्रज्वल रेवन्ना वर्तमान में महिलाओं का यौन शोषण करने के आरोप में न्यायिक हिरासत में है। उनके पिता, जेडीएस विधायक एचडी रेवन्ना को पिछले महीने प्रज्वल रेवन्ना से जुड़े कथित अश्लील वीडियो के सिलसिले में अपहरण के मामले में गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल, जमानत पर बाहर हैं।
कौन हैं जेडीएस एमएलसी सूरज रेवन्ना?
जेडीएस (जनता दल (सेक्युलर) एमएलसी सूरज रेवन्ना कर्नाटक राज्य के एक प्रमुख राजनीतिक व्यक्ति हैं। वे कर्नाटक विधान परिषद के सदस्य (एमएलसी) हैं और जेडीएस पार्टी के महत्वपूर्ण नेता हैं। सूरज रेवन्ना पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवगौड़ा के पोते और पूर्व कर्नाटक मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी के भतीजे हैं। उनका परिवार कर्नाटक की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय है और राज्य की राजनीति में उनका महत्वपूर्ण स्थान है।
सूरज रेवन्ना की पहचान एक युवा और सक्रिय नेता के रूप में है, जो सामाजिक और आर्थिक मुद्दों पर अपने विचार रखने के लिए जाने जाते हैं। उनका राजनीतिक करियर उनके परिवार की राजनीतिक विरासत के साथ जुड़ा हुआ है, और वे अपने क्षेत्र में विकास और जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं।
सियासी कुनबा?
- दादा: एचडी देवगौड़ा (पूर्व प्रधानमंत्री)
- पिता: एचडी रेवन्ना (पूर्व मंत्री)
- चाचा: एचडी कुमारस्वामी (पूर्व मुख्यमंत्री)
- छोटे भाई: पूर्व लोकसभा सदस्य प्रज्वल रेवन्ना
65 करोड़ के मालिक, 14 करोड़ का कर्ज
- शिक्षा (2015): राजीव गांधी स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर एमबीबीएस, एमएस (जनरल सर्जरी)।
- संपत्ति: 65 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति। जिसमें कैश 17 लाख रुपए और वाहन में एक ट्रैक्टर दिखाया गया है।
- देनदारियां: 14 करोड़ रुपए से ज्यादा की देनदारियां।
- क्रिमिनल रिकॉर्ड: एक मामला दर्ज।












Click it and Unblock the Notifications