कर्नाटक: एचडी रेवन्ना को बड़ी राहत, 'अश्लील वीडियो' केस से जुड़े इस मामले में मिली जमानत
HD Revanna Conditional Bail: कर्नाटक के जेडीएस विधायक और कथित अश्लील वीडियो कांड के आरोपी एचडी रेवन्ना को विशेष अदालत से बड़ी राहत मिली है। अश्लील वीडियो केस के जुड़े एक किडनैपिंग केस में उन्हें कोर्ट से सशर्त जमानत मिल गई।
पब्लिक रिप्रेजेंटेटिव कोर्ट ने सोमवार को अपहरण के मामले में सशर्त जमानत देते हुए एचडी रेवन्ना को एसआईटी जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया है। कोर्ट से रेवन्ना को 5 लाख रुपए के मुचलके पर सशर्त जमानत मिली है।

4 मई को किया था गिरफ्तार
मालूम हो कि बेंगलुरू के केआर नगर पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ दर्ज अपहरण के एक मामले में एसआईटी अधिकारियों ने उन्हें 4 मई को गिरफ्तार किया था। उनकी गिरफ्तारी ऐसे वक्त हुई थी, जब उनकी अंतरिम जमानत याचिका को एक विशेष अदालत ने खारिज कर दिया था।
जिसके बाद एचडी रेवन्ना को 8 मई को 'अश्लील वीडियो' अपहरण मामले में 14 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। एसआईटी की रिमांड खत्म होने के बाद कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया था। रेवन्ना पिछले पांच दिनों से परप्पाना अग्रहारा सेंट्रल जेल में थे।
एचडी रेवन्ना ने बताया 'राजनीतिक साजिश'
इधर, एचडी रेवन्ना ने इस मामले को अपने खिलाफ 'राजनीतिक साजिश' करार दिया है। उन्होंने मीडिया से कहा था, ''यह मेरे खिलाफ चल रही एक राजनीतिक साजिश है। अपने 40 साल के राजनीतिक जीवन में मैंने कभी ऐसा कुछ नहीं देखा।''
बता दें कि एचडी रेवन्ना और उनके बेटे प्रज्वल रेवन्ना को उनके घर में काम करने वाली एक महिला की शिकायत के बाद कर्नाटक सरकार की ओर से गठित एसआईटी जांच का सामना करना पड़ रहा है। प्रज्वल रेवन्ना जो कि फिलहाल देश छोड़कर फरार हो चुके हैं, उनके करीब 200 से ज्यादा अश्लील वीडियो सामने आए हैं।
वहीं SIT ने हासन सांसद और एचडी रेवन्ना के बेटे प्रज्वल रेवन्ना को समन जारी किया है। हालांकि वीडियो कांड के बाद 26 अप्रैल को हासन लोकसभा सीट पर वोटिंग होने के बाद से ही प्रज्वल विदेश भाग गया, जो अभी तक वापस नहीं लौटा है।












Click it and Unblock the Notifications