हिजाब के समर्थन में मालेगांव से लेकर अलीगढ़ तक सड़क पर उतरीं मुस्लिम महिलाएं, बुर्का पहनकर किया प्रदर्शन
नई दिल्ली। कर्नाटक के उडुपी से शुरू हुआ हिजाब विवाद देश के कोने-कोने में फैल गया है। अलग-अलग जगहों पर छात्र संगठनों द्वारा हिजाब पहनने के विरोध को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से लेकर महाराष्ट्र के मालेगांव तक महिलाओं ने हिजाब के समर्थन में प्रदर्शन किया है। बुरका पहनकर महिलाओं ने प्रदर्शन में बैनर-पोस्टर लेकर हिजाब का समर्थन किया है। शुक्रवार को यूपी के अलीगढ़ में मुस्लिम महिलाओं ने हिजाब के समर्थन में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हिजाब हमारा हक है, हम इसे नहीं उतारेंगे।
Recommended Video

वहीं महाराष्ट्र के मालेगांव में हजारों मुस्लिम महिलाओं ने प्रदर्शन किया था। विरोध के दौरान महिलाओं ने जो तख्ती लिया था उसपर लिखा था कि हिजाब हमारा अधिकार है और हिजाब पर प्रतिबंध वापस लो जैसे नारे लिखे थे। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने कहा कि वे शुक्रवार को मालेगांव में हिजाब डे मनाएंगी। मालेगांव में प्रदर्शन का आयोजन जमीयत-उलेमा-ए-हिंद नामक इस्लामिक संगठन ने किया था।
पुलिस ने प्रदर्शन के बाद संस्था से जुड़े 4 लोगों के खिलाफ धारा 144 के उल्लंघन का केस दर्ज किया है। वहीं जम्मू में भी RFA-डोगरा फ्रंट के कार्यकर्ता हिजाब के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शिक्षण संस्थानों को राजनीतिक युद्ध का मैदान नहीं बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों में न तो हिजाब और न ही भगवा शॉल की अनुमति दी जानी चाहिए।
बता दें कि बीते बुधवार को अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में बुधवार छात्र-छात्राओं ने बिना अनुमति के ही परिसर में नारेबाजी की। हालांकि बाद में यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रों को मतदान व कोरोना का हवाला देते हुए प्रशासन न करने की अपील की। कैंपस में मार्च निकालने की अनुमति भी नहीं दी। इसके बाद छात्र-छात्राएं वहां से चले गए।












Click it and Unblock the Notifications