मंदिरों से 10 फीसदी टैक्स वसूलेगी इस प्रदेश की कांग्रेस सरकार, पास कर दिया विधेयक
Karnataka temples 10 percent tax: कर्नाटक में मंदिरों से टैक्स वसूलने के मामले को लेकर राजनीति गर्मा गई है और भाजपा ने इस मुद्दे पर प्रदेश की सिद्धारमैया सरकार को घेर लिया है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि सिद्धारमैया सरकार अपना खाली खजाना भरने के लिए हिंदू विरोधी नीतियां अपना रही है। आखिर, क्या है मंदिरों से टैक्स वसूलने का ये पूरा विवाद?

दरअसल, बुधवार को प्रदेश की विधानसभा में 'कर्नाटक हिंदू धार्मिक संस्थान और धर्मार्थ बंदोबस्ती विधेयक 2024' पास किया गया। इस विधयेक के तहत कर्नाटक सरकार उन मंदिरों से 10 फीसदी टैक्स लेगी, जिनका राजस्व 1 करोड़ रुपए से ज्यादा है। इसके अलावा जिन मंदिरों का राजस्व 10 लाख रुपए से 1 करोड़ के बीच है, उनसे 5 फीसदी टैक्स लिया जाएगा।
'किसी और मकसद के लिए इस्तेमाल होगी ये रकम'
इस विधेयक के पास होने के बाद कर्नाटक भाजपा के नेता कांग्रेस पर हमलावर हैं। विजयेंद्र येदियुरप्पा ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'प्रदेश की कांग्रेस सरकार लगातार हिंदू विरोधी नीतियां अपना रही है और अब इनकी नजर हिंदू मंदिरों के राजस्व पर है। इसी मकसद से कर्नाटक सरकार ने कर्नाटक हिंदू धार्मिक संस्थान और धर्मार्थ बंदोबस्ती विधेयक 2024 पास किया है। मंदिरों से इकट्ठा किए गए धन को कांग्रेस किसी और मकसद के लिए इस्तेमाल करेगी।'
'भक्तों की आस्था के साथ धोखा'
विजयेंद्र येदियुरप्पा ने आगे कहा, 'इस विधेयक के तहत सरकार एक करोड़ से ज्यादा राजस्व वाले मंदिरों से 10 फीसदी टैक्स लेगी। इस कदम से सरकार की आर्थिक तंगी का पता चलता है। मंदिरों में भक्त जो चढ़ावा चढ़ाते हैं, उसे मंदिर के रखरखाव, निर्माण कार्य और वहां आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाएं देने पर खर्च करना चाहिए। अगर इस धन का इस्तेमाल किसी और मकसद के लिए किया जाता है, तो ये सीधे-सीधे भक्तों की आस्था के साथ धोखा होगा।'
'हिंदुत्व की सच्ची अनुयायी है कांग्रेस'
वहीं, भाजपा के हमले पर जवाब देते हुए कर्नाटक के मंत्री रामालिंगा रेड्डी ने कहा, 'भारतीय जनता पार्टी हमेशा अपने फायदे के लिए धर्म को राजनीति का मुद्दा बनाती है। हिंदुत्व की अगर कोई पार्टी सच्ची अनुयायी है तो वो केवल कांग्रेस है। भाजपा को लगता है कि कांग्रेस को हिंदू विरोधी बताकर उसे फायदा मिलेगा, लेकिन ऐसा नहीं होगा।'












Click it and Unblock the Notifications