फिर से बढ़ी कर्नाटक में हलचल, सिद्धारमैया ने बुलाई सीएलपी की बैठक
नई दिल्ली। कर्नाटक में सियासी उठापटक के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने तमाम विधायकों की सीएलपी बैठक आज फिर से बुलाई है। यह बैठक आज 11 बजे बुलाई गई है, जोकि बेंगलुरू में होगी। तमाम विधायकों को निर्देश जारी करके कह दिया गया है कि वह इस बैठक में जरूर हिस्सा लें। माना जा रहा है कि कुछ विधायक कांग्रेस का दामन छोड़ सकते हैं ऐसे में पार्टी किसी भी तरह का जोखिण लेने के मूड में नहीं है, लिहाजा तमाम विधायकों की बैठक बुलाई गई है।

इससे पहले सीएलपी की बैठक में कुछ विधायकों ने शिरकत नहीं की थी, ऐसे में पार्टी एक बार फिर से इस बैठक के जरिए तमाम विधायकों को एकजुट करने की कोशिश कर रही है। साथ ही पार्टी चार विधायकों को बाहर का रास्ता भी दिखा सकती है और उनके खिलाफ दल बदल कानून के तहत कार्रवाई भी कर सकती है। पार्टी के दो विधायक रमेश जारकिहोली और महेश कुमातल्ली के खिलाफ पार्टी कार्रवाई करने का विचार कर रही है।
इससे पहले कर्नाटक में जेडीएस और कांग्रेस सरकार पर उस समय संकट के बादल मंडराने लगे थे जब कुछ विधायक मुंबई चले गए थे और इस बात की खबर सामने आई थी कि ये सभी विधायक भाजपा के संपर्क में हैं और पार्टी से इस्तीफा दे सकते हैं। हालांकि इसके बाद कुछ विधायक वापस पार्टी के खेमे में लौट आए थे, जिसके बाद कांग्रेस को बड़ी राहत मिली थी। वहीं भाजपा ने भी अपने सभी विधायकों को गुरुग्राम से वापस बुला लिया है।












Click it and Unblock the Notifications