#KarnatakaElections2018: नतीजों से पहले भाजपा उम्मीदवार श्रीरामुलू ने की पूजा-अर्चना
नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के आज नतीजे आने हैं, ऐसे में तमाम दल अपनी जीत के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। भाजपा के उम्मीदवार बी श्रीरामुलू ने मतगणना शुरू होने से पहले पूजा-अर्चना की। आपको बता दें कि श्रीरामुलू कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के खिलाफ मैदान में थे, ऐसे में आज चुनाव नतीजों के आने के बाद यह साफ होगा कि उन्होंने सिद्धारमैया को कितनी टक्कर दी है। वह कर्नाटक के बादामी विधानसभा सीट से मैदान में हैं।

गौरतलब है कि कर्नाटक की 224 सीटों में से 222 सीटों पर 12 मई को मतदान हुआ था। इस बार चुनाव में बड़ी संख्या में लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और तकरीबन 70 फीसदी मतदान हुआ है। आज होने वाली मतगणना में साफ होगा कि भाजपा-कांग्रेस और जेडीएस में किसका पलड़ा भारी है। मतों की गणना के लिए प्रदेशभर में 38 केंद्र बनाए गए हैं और यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिससे कि किसी भी अप्रिय घटना से निपटा जा सके।
सुरक्षा के मद्देनजर सभी 38 मतगणना केंद्र में 50000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। अकेले बेंगलुरू में 11000 पुलिसकर्मी तैनात हैं। साथ ही एक रैपिड एक्शन फोर्स की कंपनी, 20 कर्नाटक स्टेट रिजर्व पुलिस की कंपनियों को बेंगलुरू में तैनात किया गया है।बेंगलुरू में 5 अहम मतगणना स्थलों पर तीन श्रेणी की पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है। जानकारी के अनुसार इन सभी जगहों पर सुरक्षा स्थिति नियंत्रण में है।
इसे भी पढ़ें- कर्नाटक चुनाव: नतीजों से पहले BJP नेता के होटल से 1,000 से ज्यादा पोस्टल बैलट बरामद












Click it and Unblock the Notifications