Karnataka Election Times Now-ETG Exit Poll: कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत, बीजेपी 85 सीटों तक सिमट सकती है
Karnataka Election Exit Poll Analysis by Times Now-ETG:कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार आती दिख रही है। बीजेपी बहुमत से काफी पीछे छूट सकती है।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए टाइम्स नाउ-ईटीजी रिसर्च के एक्जिट पोल में कांग्रेस को बहुमत मिलने की भविष्यवाणी की गई है। पार्टी को विधानसभा में 113 सीटें मिल सकती है। इस एग्जिट पोल के मुताबिक जेडीएस को राज्य में 23 और अन्य को 3 सीटें मिलने की बात कही गई है।
सभी 224 सीटों पर मतदान संपन्न
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में 224 सीटों पर बुधवार को मतदान संपन्न हुआ। इस बार के चुनाव में राज्य में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी बीजेपी और मुख्य विपक्षी कांग्रेस पार्टी के बीच रहा है। जेडीएस तीसरी प्रमुख पार्टी है, जो इस चुनावी महामुकाबले को दिलचस्प बना रही है।
कुल 2,613 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद
इस बार कर्नाटक में कुल 5.3 करोड़ मतदाताओं को 224 सीटों पर उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत तय करने का मौका मिला है। इनमें 2.66 करोड़ पुरुष और 2.63 करोड़ महिला मतदाता हैं। वहीं राज्य में कुल 2,613 प्रत्याशियों का चुनावी भाग्य ईवीएम में बंद हो गया है।
इनमें से 2,427 पुरुष और 185 महिला उम्मीदवार हैं। एक अन्य उम्मीदवार भी चुनावी समर में अपनी किस्मत का फैसला करवाने के लिए वोटरों के पास गया है।
2018 में बीजेपी बनी थी सबसे बड़ी पार्टी
2018 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 36.2 फीसदी, कांग्रेस को 38 फीसदी, जेडीएस को 18.4 फीसदी और अन्य को 7.4 फीसदी वोट मिले थे। तब बीजेपी 104 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। वहीं कांग्रेस को 78 और जेडीएस को 37 सीटें मिली थीं। 2018 के चुनाव के बाद राज्य में कांग्रेस और जेडीएस ने मिलकर सरकार बना ली थी।
विधायकों के पाला बदलने से बदला विधानसभा का गणित
लेकिन, बाद में विधायकों के दलबदल और अयोग्यता के बाद हुए उपचुनावों की वजह से विधानसभा का गणित बदल गया था और बीजेपी की सरकार बनी थी। मौजूदा विधानसभा में बीजेपी के कुल 117 एमएलए हैं। कांग्रेस के पास 69 और जेडीएस के पास 29 विधायक हैं।












Click it and Unblock the Notifications