Karnataka Election: भाजपा उम्मीदवार का कथित ऑडियो वायरल, चुनाव आयोग ने दर्ज कराई एफआईआर
Karnataka Election: कर्नाटक में भाजपा उम्मीदवार का कथित ऑडियो क्लिप वायरल हो रहा है, जिसमे वह जेडीएस के उम्मीदवार पर नामांकन वापस लेने का दबाव डाल रहे हैं। इस मामले में चुनाव आयोग ने एफआईआर दर्ज कराई है।

Karnataka Election: कर्नाटक में चुनाव प्रचार के दौरान जिस तरह से राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल हो रहा है, उसपर चुनाव आयोग की पैनी नजर है। इसी को ध्यान में रखते हुए चुनाव आयोग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराई है।
दरअसल सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप वायरल हो रहा है, जिसमे चमराजनगर से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार वी सोमना को जेडीएस उम्मीदवार मल्लिकार्जुन स्वामी को प्रभावित करते हुए सुना जा सकता है।
ऑडियो क्लिप में भाजपा उम्मीदवार जेडीएस उम्मीदवार पर दबाव डाल रहे हैं कि वह अपना नामांकन वापस ले लें। इसके बदले में उन्हें पैसा और सरकारी गाड़ी का प्रस्ताव दिया गया। कर्नाटक के मुख्य चुनाव अधिकारी ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई है।
बता दें कि कर्नाटक में 10 मई को विधानसभा चुनाव होना है। सभी 224 सीटों पर एक ही चरण में मतदान होगा। जबकि चुनाव के नतीजों की घोषणा 13 मई को होगी। इस चुनाव में भाजपा, कांग्रेस का सीधा मुकाबला है। जबकि तीसरे नंबर पर जेडीएस आती है।
इस मामले को लेकर चुनाव आयोग की ओर से प्रेस रिलीज जारी की गई है। जिसमे कहा गया है कि चुनाव आयोग ने ऑडियो क्लिप मामले को गंभीरता से लिया है, जिसमे जेडीएस उम्मीदवार को भाजपा उम्मीदवार की ओर से नामांकन वापस लेने का दबाव डाला जा रहा है।
चुनाव आयोग यह स्पष्ट करना चाहता है कि इस तरह के मामले में हमारी जीरो टॉलरेंस की नीति है। कर्नाटक चुनाव में भ्रष्ट तरीकों को कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा। चुनाव आयोग की ओर से कर्नाटक सीईओ को निर्देश दिया गया है कि वह लगातार चुनाव प्रक्रिया पर पैनी नजर रखें, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी नजर बनाएं रखें, किसी भी तरह की गलत हरकत को ना होने दें।












Click it and Unblock the Notifications