Karnataka election 2023: रेप से लेकर मर्डर तक के केस, आपराधिक रिकॉर्ड वाले 404 उम्मीदवार मैदान में
Karnataka election 2023: कर्नाटक में विधानसभा चुनाव 10 मई 2023 को है। कर्नाटक चुनाव में अहम मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है।

Karnataka election 2023: कर्नाटक में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनावों में आपराधिक रिकॉर्ड वाले 404 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इलेक्शन वॉच ऑर्गनाइजेशन एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस पार्टी के पास 31 प्रतिशत, बीजेपी के पास 30 प्रतिशत और जेडीएस के पास 25 प्रतिशत उम्मीदवार, ऐसे हैं, जिनके खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एडीआर की रिपोर्ट में कहा गया है कि कांग्रेस के 221 उम्मीदवारों में से 69, भाजपा के 224 उम्मीदवारों में से 66, जदएस के 208 में से 52 और आम आदमी पार्टी के 208 उम्मीदवारों में से 30 के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन नेताओं ने चुनाव आयोग के पास दायर हलफनामों में अपने ऊपर दर्ज केस का जिक्र किया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि 404 उम्मीदवारों के खिलाफ 'गंभीर आपराधिक मामले' दर्ज हैं, जिसके लिए अधिकतम सजा पांच साल या उससे अधिक है। 2023 के विधानसभा चुनाव में सभी उम्मीदवारों का ये 16 प्रतिशत है। यह संख्या 2018 के विधानसभा चुनावों की तुलना में कम से कम छह प्रतिशत ज्यादा है।
जिन 404 उम्मीदवारों के खिलाफ मामले दर्ज हैं, उनमें से 49 उम्मीदवारों पर महिलाओं के खिलाफ क्रिमिनल केस हैं। इनमें से एक नेता पर रेप का केस दर्ज है।
404 उम्मीदवारों में से आठ उम्मीदवारों पर हत्या से संबंधित मामले दर्ज हैं। वहीं 35 नेताओं पर हत्या की कोशिश का मामला दर्ज है। 224 निर्वाचन क्षेत्रों में 111 'रेड अलर्ट' निर्वाचन क्षेत्र हैं। 'रेड अलर्ट' वो निर्वाचन क्षेत्र होता है, जहां तीन या उससे ज्यादा चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामलें दर्ज हैं। हालांकि 2018 में 'रेड अलर्ट' निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या 56 थी।
2023 में चुनाव लड़ने वाले प्रति उम्मीदवार की औसत संपत्ति 12.26 करोड़ रुपये है। एडीआर ने कहा कि 2018 के विधानसभा चुनावों में, 2,560 उम्मीदवारों के लिए प्रति उम्मीदवार औसत संपत्ति 7.54 करोड़ रुपये थी।












Click it and Unblock the Notifications