'देश के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण': कर्नाटक BJP अध्यक्ष विजयेंद्र को 2024 चुनाव के लिए देवगौड़ा का 'महामंत्र'
कर्नाटक भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने सोमवार को पूर्व प्रधानमंत्री और जेडीएस सुप्रीमो एचडी देवगौड़ा से मुलाकात की है। उन्होंने बीजेपी के नए अध्यक्ष से कहा कि अगला लोकसभा चुनाव एकजुट होकर लड़ें, ताकि किसी भी तरह की कोई भ्रम की स्थति न रहे।
विजयेंद्र येदियुरप्पा ने अपनी राज्य बीजेपी अध्यक्ष के पद पर अपनी नियुक्ति के बाद देवगौड़ा के अलावा राज्य के पूर्व मुख्यमंत्रियों और पार्टी नेता एसएम कृष्णा और बसवराज बोम्मई से भी उनके घरों पर जाकर शिष्टाचार मुलाकात की है।

15 नवंबर से जिम्मेदारी संभालेंगे विजयेंद्र
47 वर्षीय विजयेंद्र कर्नाटक के पूर्व सीएम और दिग्गज भाजपा नेता बीएस येदियुरप्पा के छोटे बेटे हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 10 नवंबर को ही उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाया है और वह 15 नवंबर से औपचारिक तौर पर अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।
कर्नाटक में बीजेपी-जेडीएस का हुआ है गठबंधन
विजयेंद्र ने बेंगलुरु में देवगौड़ा के घर जाकर उनसे मुलाकात की और पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। पिछले सितंबर महीने में ही कर्नाटक में जेडीएस और बीजेपी के बीच गठबंधन हुआ है और कहा जा रहा है कि 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए जल्द ही दोनों दल सीटों पर तालमेल का फॉर्मूला तय कर लेंगे।
देवगौड़ा से मिलने के बाद बीजेपी नेता ने बताया कि पूर्व पीएम इस बात से खुश थे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी है और उनसे कहा है कि उन्हें अपने पिता बीएस येदियुरप्पा की तरह पूरे राज्य का दौरा करना चाहिए।
देवगौड़ा ने विजयेंद्र को क्या महामंत्र दिया?
उन्होंने कहा, 'उन्होंने (देवगौड़ा) मुझसे कहा कि बीजेपी और जेडीएस को आने वाले लोकसभा चुनावों में बिना किसी भ्रम की स्थिति की गुंजाइश छोड़े एकजुट रहते हुए लड़ना और समस्याओं का सौहार्दपूर्ण तरीके से हल करते हुए आगे बढ़ना चाहिए।'
उन्होंने कहा कि बीजेपी और उसकी सहयोगी पार्टी ने लोकसभा चुनावों में राज्य में अधिकतम सीटों पर जीत का लक्ष्य तय किया है। इसको लेकर देवगौड़ा ने उनसे कहा है कि अगले साल का चुनाव बहुत ही महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह 'देश के भविष्य से जुड़ा है।' 90 वर्षीय देवगौड़ा ने इस बात पर भी जोर दिया कि ज्यादा से ज्यादा युवाओं को राजनीति में लाना चाहिए
वहीं बोम्मई से मुलाकात के बारे में शिकारपुरा सीट से पहली बार के भाजपा विधायक ने कहा कि वे बहुत खुश थे कि पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं ने उन्हें अध्यक्ष बनाकर अच्छा फैसला लिया है और इससे पार्टी को मजबूती मिलेगी।
'उन्होंने (बोम्मई) कहा कि वे हमेशा हमारे साथ रहेंगे'
उन्होंने कहा, 'उन्होंने (बोम्मई) कहा कि वे हमेशा हमारे साथ रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाला लोकसभा चुनाव अहम है क्योंकि इससे देश का भविष्य तय होगा। हमें एकता के साथ काम करना होगा। उन्होंने ये भी कहा कि वह मेरे नेतृत्व में पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरे राज्य की यात्रा करेंगे।' उन्होंने अपने पदभार संभालने के कार्यक्रम में उनसे उपस्थित रहने का भी अनुरोध किया है।
'किसी तरह का गलत निष्कर्ष निकालना अनुचित'
उन्होंने अपनी नियुक्ति का फैसला पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की ओर से किए जाने की बात कहते हुए कहा कि, 'उन्होंने पार्टी हित में फैसला लिया है। मैं पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं के संपर्क में हूं और सभी खुश हैं। किसी तरह का गलत निष्कर्ष निकालना अनुचित है।'
इसके अलावा उन्होंने पूर्व सीएम और 91 वर्षीय नेता एसएम कृष्णा का भी आशीर्वाद लिया है जो 45 साल कांग्रेस में रहने के बाद 1917 में बीजेपी से जुड़े थे। लेकिन, इस साल जनवरी में सक्रिय राजनीति से रिटायर होने की घोषणा की थी। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications