राजस्थान के बाद अब कर्नाटक में Full Lockdown, सिर्फ 4 घंटे खुलेंगी दुकानें
बेंगलुरु, मई 7: देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर ने सुनामी का रूप ले लिया है, जिस वजह से रोजाना 4 लाख के करीब नए मामले सामने आ रहे हैं। इसके अलावा मौत का आंकड़ा भी अब 3000 के पार ही रहता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेषज्ञों ने केंद्र सरकार को देशव्यापी लॉकडाउन की सलाह दी थी, लेकिन केंद्र ने सारा मामला राज्यों के ऊपर छोड़ दिया। गुरुवार देर रात राजस्थान सरकार ने स्थिति को भयानक बताते हुए राज्य में संपूर्ण लॉकडाउन लागू कर दिया था। इसके बाद अब कर्नाटक सरकार ने भी सख्ती दिखाई और राज्य में 24 मई तक पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा कर दी है।

मामले में कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि कोरोना के बढ़ते केस को देखते हुए सरकार ने कोरोना कर्फ्यू लागू किया था। उम्मीद थी कि जनता इसका पालन करेगी, लेकिन ये पूरी तरह से फेल हुआ। जिस वजह से अब मजबूरन सरकार को संपूर्ण लॉकडाउन लागू करना पड़ रहा है। ये लॉकडाउन 10 मई सुबह 6 बजे से 24 मई सुबह 6 बजे तक चलेगा। इस दौरान सभी संस्थान, होटल, पब, बार आदि बंद रहेंगे। वहीं मीट की दुकान, किराना स्टोर, सब्जी मंडी आदि जरूरी सामनों की दुकानें सुबह 6 बजे से 10 बजे तक खुलेंगी।
सीएम के मुताबिक ये लॉकडाउन अस्थायी है, जिस वजह से प्रवासी मजदूर शहरों को छोड़कर ना जाएं। इसके लिए उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सुबह 10 बजे के बाद किसी को भी आने-जाने ना दिया जाए। उन्होंने आगे कहा कि कोरोना की वजह से राज्य में मौतें बढ़ रही हैं, जिस वजह से उन्हें ये फैसला लेना पड़ा। हालांकि राज्य में आपातकालीन सेवाओं और उससे जुड़े कर्मचारियों को पूरी छूट प्रदान की जाएगी।
कर्नाटक में कितने मामले?
देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 2.16 करोड़ पहुंच चुकी है, जिसमें से अब तक 2.35 लाख मरीजों ने जान गंवाई। कर्नाटक देश का तीसरा सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है, जहां पर 17,90,104 मरीज सामने आ चुके हैं। इसमें से 17,212 की मौत हुई, जबकि 12,55,797 मरीज रिकवर हो चुके हैं। ऐसे में अब राज्य में एक्टिव केस की संख्या 5,17,075 है।












Click it and Unblock the Notifications