कर्नाटक सीडी कांड: पीड़िता की HC के चीफ जस्टिस को चिट्ठी, कहा- जारकीहोली से मेरी जान को खतरा
कर्नाटक सीडी कांड: पीड़ित लड़की की HC के चीफ जस्टिस को चिट्ठी, कहा- मेरी जान को खतरा, जारकीहोली से मिल रही है धमकी
बेंगलुरू। कर्नाटक के भाजपा विधायक रमेश जारकीहोली पर नौकरी के बदले यौन शोषण का आरोप लगाने वाली महिला ने हाईकोर्ट से मामले की एसआईटी जांच और अपने लिए सुरक्षा की मागं की है। पीड़ित महिला ने कर्नाटक हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश अभय श्रीनिवास को ईमेल के लिए अपनी चिट्ठी भेजी है। इसमें महिला ने कहा है कि जारकीहोली से मुझे धमकियां मिल रही है और मेरी जान को खतरा है। ऐसे में अदालत राज्य सरकार को मेरी सुरक्षा के लिए आदेश करे।

महिला ने अपनी चिट्ठी में कहा है, रमेश जारकीहोली से मुझे और मेरे परिवार को खतरा है। हमारे ऊपर लगातार केस वापस लेने और बयान बदलने का दबाव बनाया जा रहा है। हाल ही में मेरे परिवार पर दबाव डालकर मेरे अपहरण का झूठा बयान भी मेरे पिता से दिलवाया गया है। ऐसे में मेरे परिवार की सुरक्षा जरूरी है। साथ ही मामले की जांच को भी रमेश जारकीहोली प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं। अदालत से मेरी दरख्वास्त है कि अपनी निगरानी में इस मामले की एसआईटी से जांच कराएं।
क्या हैं रमेश जारकीहोली पर आरोप
रमेश जारकीहोली का कुछ समय पहले एक वीडियो वायरल हुआ था। इस कथित सेक्स सीडी में रमेश एक महिला के साथ दिख रहे थे। इस सीडी में दिखी महिला ने आरोप लगाया है कि बेंगलुरु में नौकरी की तलाश के दौरान उस समय मंत्री रमेश जारकीहोली ने उसे सरकारी नौकरी दिलाने का वादा कर उसका यौन उत्पीड़न किया था। साथ ही वीडियो भी बना लिया और इसे वायरल करने की धमकी देकर उसको परेशान किया।
इस मामले को लेकर रमेश जारकीहोली के खिलाफ मामला दर्ज हुआ, जिसके बाद उन्हें मंत्रीपद से भी इस्तीफा देना पड़ा है। वहीं जारकीहोली ने अपने खिलाफ आरोपों को गलत बताते हुए इसे एक साजिश कहा है। बता दें कि रमेश जारकीहोली कर्नाटक की राजनीति का काफी जाना पहचाना चेहरा हैं। वो छह बार विधायक रह चुके हैं। मौजूदा समय में गोकाक विधानसभा सीट से जारकीहोली विधायक हैं।












Click it and Unblock the Notifications